समस्तीपुर में घुड़साल में घुसे चार बदमाश, घोड़ा खोलने का विरोध करने पर की हवाई फायरिंग

घटनास्थल पर जांच करती पुलिस
समस्तीपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के विशनपुर टारा गांव में सोमवार दोपहर चार हथियारबंद बदमाशों ने एक घुड़साल में घुसकर हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी. बदमाश घोड़े को खोल ले जाने का प्रयास कर रहे थे, विरोध करने पर की फायरिंग.
Samastipur News: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के विशनपुर टारा गांव में सोमवार की दोपहर चार हथियारबंद बदमाशों ने एक घुड़साल में घुसकर कई राउंड हवाई फायरिंग कर दी. फायरिंग की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई. घटना के बाद सभी बदमाश दो अलग-अलग बाइक से फरार हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से पिस्टल के दो खोखे बरामद किए हैं.
घोड़ा खोलकर ले जाने का कर रहे थे प्रयास
घुड़साल संचालक विशनपुर टारा गांव के वार्ड-1 निवासी पाण्डव राय के पुत्र अमर राय ने बताया कि समस्तीपुर-रोसड़ा मुख्य मार्ग के किनारे उनका घुड़साल है. वे शादी-विवाह में बग्घी किराये पर चलाने का काम करते हैं और अन्य दिनों ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं.
अमर राय के अनुसार, सोमवार दोपहर ई-रिक्शा चलाकर जब वह घुड़साल पहुंचे तो देखा कि बाइक सवार चार युवक उनके घोड़े को खोलकर ले जाने का प्रयास कर रहे थे. विरोध करने पर बदमाशों ने कमर से पिस्टल निकाल ली और हवाई फायरिंग शुरू कर दी.
फायरिंग की आवाज सुनकर जुटे ग्रामीण
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े. लोगों के पहुंचने से पहले ही चारों बदमाश दो अलग-अलग बाइक से मौके से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही.
पीड़ित ने पुलिस को दिए बयान में फरपुरा गांव के दो युवकों को पहचानने की बात कही है. पुलिस अब पीड़ित के बयान और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
घटनास्थल से मिले पिस्टल के दो खोखे
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की. मौके से पिस्टल के दो खोखे बरामद हुए हैं, जिन्हें जब्त कर जांच के लिए भेजा गया है.
पुलिस बदमाशों की पहचान और घटना में इस्तेमाल बाइक के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है.
नशे के कारोबार से जुड़े विवाद की चर्चा, पुष्टि नहीं
स्थानीय स्तर पर घटना के पीछे सूखे नशे के कारोबार में रुपये के लेन-देन से जुड़े विवाद की चर्चा है. हालांकि, इस संबंध में पीड़ित या पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. इसलिए फिलहाल इस दावे को केवल स्थानीय चर्चा के रूप में ही देखा जा रहा है.
लिखित शिकायत के बाद दर्ज होगी प्राथमिकी
मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. लिखित शिकायत मिलने के बाद नामजद आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस ने घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें: शादी समारोह से लौट रहा था युवक, सुनसान सड़क पर चाकू से गोदकर हत्या
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










