हिम्मत को सलाम: मासूम को बचाने में नाग ने डंसा, सांप को डिब्बे में किया बंद और लेकर खुद पहुंचा अस्पताल
डिब्बे में बंद सांप को दिखाता युवक (बाएं) और सांप की सांकेतिक तस्वीर (दाएं)
एक युवक ने अपनी जान जोखिम में डालकर एक छोटे बच्चे को जहरीले सांप के काटने से बचाया. सांप ने युवक की हथेली पर डंस लिया, लेकिन उसने सांप को पकड़कर खुद बाइक से अस्पताल पहुंचकर अपनी जान बचाई.
हिम्मत को सलाम: सदर प्रखंड के भुईधारा इलाके में एक युवक ने छह साल के बच्चे को जहरीले सांप के डंसने से बचाने के लिए अपनी हथेली आगे कर दी. बच्चे की ओर बढ़ रहे सांप ने युवक के हाथ में डंस लिया. हैरानी की बात यह रही कि डंसने के बाद भी युवक ने हिम्मत नहीं खोई और सांप को पकड़कर डिब्बे में बंद कर दिया. इसके बाद खुद बाइक चलाकर करीब तीन किलोमीटर दूर सदर अस्पताल पहुंच गया.
बच्चे की ओर बढ़ रहा था सांप
घायल युवक की पहचान हरपुर एलोथ निवासी उमेश भगत के रूप में हुई है. उमेश ने बताया कि उन्हें सांप पकड़ने का शौक है. भुईधारा निवासी अवधेश कुमार ने घर में सांप घुसने की सूचना देकर उन्हें बुलाया था. उमेश के अनुसार, घर में सामान हटाने के दौरान उन्हें सांप दिखाई दिया. वह उसे पकड़ने की कोशिश कर ही रहे थे, तभी अवधेश कुमार का करीब छह वर्षीय बेटा अचानक सांप की ओर बढ़ने लगा. बच्चे को अपनी तरफ आता देखकर सांप भी उसकी ओर बढ़ने लगा.
बच्चे को बचाने के लिए आगे कर दी हथेली
स्थिति को भांपते हुए उमेश ने बच्चे को बचाने के लिए अपना बायां हाथ सांप के सामने कर दिया. सांप ने बच्चे को डंसने के बजाय उमेश की हथेली में दांत गड़ा दिए. बताया गया कि डंसने के दौरान सांप का एक दांत उनकी हथेली में फंस गया.
सांप के डंसने के बाद भी उमेश घबराए नहीं. उन्होंने दूसरे हाथ से सांप को पकड़ लिया और उसे प्लास्टिक के डिब्बे में बंद कर दिया. इसके बाद इलाज के लिए किसी दूसरे वाहन का इंतजार करने के बजाय खुद बाइक चलाकर अस्पताल निकल पड़े.
सांप को लेकर खुद अस्पताल पहुंचे
उमेश ने बताया कि सदर अस्पताल पहुंचने में उन्हें करीब 15 मिनट लगे. वह सांप को भी साथ लेकर अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों को दिखाया. उन्होंने डॉक्टरों को बताया कि कुछ देर पहले ही सांप ने उनकी हथेली में डंसा है.
इसके बाद चिकित्सकों ने तत्काल उनका उपचार शुरू किया. उमेश के अनुसार, रातभर चले इलाज के दौरान उन्हें 15 से 20 वायल एंटी-स्नेक वेनम दिया गया. चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चलता रहा.
फिलहाल युवक की हालत ठीक
जानकारी के अनुसार, इलाज के बाद उमेश की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है. घटना के दौरान बच्चे को सांप के डंसने से बचा लिया गया. उमेश की हिम्मत और तत्काल अस्पताल पहुंचने की वजह से समय पर इलाज शुरू हो सका.
यह भी पढे़ं:
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए