बंद मकान का ताला तोड़ा तो अंदर का नजारा देख पुलिस भी रह गयी हैरान, चल रही थी शराब की मिनी फैक्ट्री

Updated:
विज्ञापन

शराब बनाने की जब्त सामग्री | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

समस्तीपुर के शेरपुर गांव में पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर जब पुलिस अंदर दाखिल हुई तो वहां शराब निर्माण और पैकिंग का पूरा सामान मिला.

विज्ञापन

समस्तीपुर: विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में शुक्रवार को गुप्त सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर विदेशी शराब बनाने की कथित मिनी फैक्ट्री का उद्भेदन किया. बंद पड़े एक पक्के मकान का ताला तोड़कर पुलिस अंदर दाखिल हुई तो वहां शराब निर्माण और पैकिंग से जुड़ा सामान मिला. पुलिस ने मकान से 45 लीटर निर्मित विदेशी शराब, 48 लीटर कच्चा स्प्रिट, शराब की बोतलें, चार हजार प्रिंटेड रैपर और विद्युत चालित पैकिंग मशीन समेत कई उपकरण बरामद किये.

विज्ञापन

ताला लगाकर फरार हुआ मकान मालिक

पुलिस के अनुसार, छापेमारी की भनक लगते ही मकान मालिक ने घर में ताला लगा दिया और मौके से फरार हो गया. सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम दंडाधिकारी सह राजस्व पदाधिकारी अरुण शर्मा की मौजूदगी में मकान पर पहुंची.

मकान बंद मिलने पर नियमानुसार ताला तोड़कर तलाशी ली गयी. तलाशी के दौरान मकान के भीतर से निर्मित विदेशी शराब, कच्चा स्प्रिट, शराब की बोतलें और बड़ी संख्या में शराब के रैपर बरामद किये गये.

पैकिंग मशीन और हजारों रैपर बरामद

पुलिस ने शराब तैयार करने और उसकी पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली विद्युत चालित पैकिंग मशीन भी बरामद की. इसके अलावा शराब निर्माण में प्रयुक्त बड़े प्लास्टिक ड्रम, एल्युमिनियम के टब सहित अन्य उपकरण मिले.

थानाध्यक्ष के अनुसार, मकान से 45 लीटर निर्मित ‘आइकोनिक व्हाइट’ विदेशी शराब नाम के रैपर वाले सील्ड बोतल बरामद किये गये. ये 750 एमएल पैकिंग के थे. इसके अलावा 48 लीटर कच्चा स्प्रिट और ‘रॉयल स्टेग’ तथा ‘रॉयल चैलेंज’ नाम के चार हजार प्रिंटेड रैपर भी मिले.

बरामद सामग्री से मकान के भीतर शराब तैयार करने और उसकी पैकिंग किये जाने की आशंका को बल मिला है.

किन इलाकों में होती थी आपूर्ति, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस की कार्रवाई से सामान्य मकान के भीतर शराब निर्माण और पैकिंग से जुड़ी गतिविधियां संचालित किये जाने की बात सामने आयी है. पुलिस के अनुसार, मकान बाहर से बंद रहने के कारण आसपास के लोगों को इसकी भनक नहीं लगने की बात कही जा रही है.

पुलिस अब बरामद सामग्री के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि यहां कब से शराब निर्माण का काम चल रहा था और तैयार शराब की आपूर्ति किन इलाकों में की जाती थी.

मकान मालिक के पुत्र समेत तीन के खिलाफ प्राथमिकी

थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि मामले में मकान मालिक मनोज चौधरी के पुत्र राजा कुमार तथा दो अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है. पुलिस फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

बरामद शराब और अन्य सामग्री का सत्यापन एवं आकलन भी किया जा रहा है. शराब निर्माण के इस कथित अवैध कारोबार के सामने आने के बाद शेरपुर समेत आसपास के इलाके में चर्चा तेज हो गयी है. पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और शराब की आपूर्ति के संभावित चैनल का भी पता लगाने में जुटी है.

यह भी पढ़ें

AC फर्स्ट कूपे से 75 लीटर शराब बरामदगी मामले में नेहा झा की जमानत पर फैसला टला, 24 सितंबर को सुनवाई

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन