Samastipur News: 1 सितंबर से चलेगी भारत गौरव ट्रेन, महाकालेश्वर-शिरडी समेत इन जगहों का कराएगी दर्शन

Updated:
विज्ञापन
भारत गौरव ट्रेन: 4 ज्योतिर्लिंग, शिरडी, एलोरा दर्शन

IRCTC 1 सितंबर से भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन चला रहा है. इस 8 रात/9 दिन की यात्रा में महाकालेश्वर, त्र्यंबकेश्वर, शिरडी और एलोरा गुफाओं का दर्शन करें. पैकेज 18,160 रुपये प्रति यात्री से शुरू है.

विज्ञापन

Samastipur News: आईआरसीटीसी की ओर से 1 सितंबर से विशेष भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन का संचालन किया जाएगा. रक्सौल से शुरू होने वाली 8 रात और 9 दिन की इस यात्रा में श्रद्धालुओं को महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, त्र्यंबकेश्वर, शिरडी, घृष्णेश्वर और एलोरा की गुफाओं का भ्रमण कराया जाएगा. पैकेज की शुरुआती कीमत 18,160 रुपये प्रति यात्री है. इसमें रेल यात्रा के साथ होटल में ठहरना, भोजन, स्थानीय परिवहन, यात्रा बीमा और सुरक्षा व्यवस्था भी शामिल है.

महाकालेश्वर से एलोरा तक धार्मिक और पर्यटन यात्रा

आईआरसीटीसी के एजीएम पूर्वी योगेंद्र सिंह गुज्जर ने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को उज्जैन के महाकालेश्वर एवं ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, नासिक के त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, शिरडी के साईं बाबा और छत्रपति संभाजीनगर यानी औरंगाबाद स्थित घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग का दर्शन कराया जाएगा. इसके अलावा ऐतिहासिक एलोरा की गुफाओं का भी भ्रमण कराया जाएगा.

ट्रेन में मिलेंगी कई खास सुविधाएं

वरीय पर्यवेक्षक संजीव कुमार ने बताया कि भारत गौरव ट्रेन के इस पैकेज में यात्रियों को कई सुविधाएं एक साथ मिलेंगी. इसमें रेल यात्रा के अलावा होटल में ठहरने की व्यवस्था, ऑनबोर्ड और ऑफबोर्ड शाकाहारी भोजन, स्थानीय दर्शनीय स्थलों तक आने-जाने के लिए वाहन, यात्रा बीमा और सुरक्षा व्यवस्था शामिल है.

इससे यात्रियों को यात्रा के दौरान होटल, भोजन और स्थानीय परिवहन की अलग से व्यवस्था करने की जरूरत नहीं होगी. इस टूर पैकेज का कोड 32 है.

तीन श्रेणियों में बुकिंग की सुविधा

भारत गौरव ट्रेन में यात्रियों के लिए तीन श्रेणियों में बुकिंग की सुविधा उपलब्ध होगी. श्रेणी के अनुसार किराया इस प्रकार है:

  • इकोनॉमी क्लास: 18,160 रुपये प्रति यात्री
  • स्टैंडर्ड क्लास: 32,550 रुपये प्रति यात्री
  • कंफर्ट क्लास: 39,425 रुपये प्रति यात्री

सभी किराए ऑल इनक्लूसिव हैं. यानी पैकेज में रेल यात्रा, भोजन, होटल, स्थानीय परिवहन और निर्धारित अन्य सुविधाओं का खर्च शामिल है.

इन स्टेशनों से कर सकेंगे ऑनबोर्डिंग

पर्यटक ट्रेन में आम ट्रेनों की तरह किसी भी स्टेशन से चढ़ने-उतरने की सुविधा नहीं होगी. इस पैकेज के तहत निर्धारित स्टेशनों से ही यात्री ट्रेन में सवार हो सकेंगे और उतर सकेंगे.

यात्री रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, दिलदारनगर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय और प्रयागराज छिवकी से ऑनबोर्डिंग और डी-बोर्डिंग कर सकेंगे.

आम यात्री नहीं कर सकेंगे सफर

यह ट्रेन विशेष रूप से टूर पैकेज के तहत यात्रा करने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए संचालित होगी. इसमें सामान्य ट्रेनों की तरह दूसरे आम यात्री सफर नहीं कर सकेंगे. आईआरसीटीसी की ओर से निर्धारित पैकेज के तहत बुकिंग कराने वाले यात्री ही इस धार्मिक एवं पर्यटन यात्रा का हिस्सा बन सकेंगे.

यह भी पढ़ें: फुलपरास में बिना लाइसेंस उर्वरक का भंडारण, छापेमारी के बाद प्राथमिकी दर्ज


विज्ञापन
Aman Gautam

लेखक के बारे में

By Aman Gautam

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन