करेह नदी पर पुल निर्माण की मांग तेज, केंद्रीय मंत्री को सौंपा ज्ञापन

Author Ankur kumar|Edited by Sarfaraz Ahmad
Updated:
विज्ञापन
सिरसिया ढाला-छेछनी ढाला पर पुल निर्माण की उठी मांग

समस्तीपुर में करेह नदी पर पुल निर्माण की सालों पुरानी मांग फिर उठी है. स्थानीय लोगों ने केंद्रीय मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी को ज्ञापन सौंपकर जल्द निर्माण की अपील की है. पुल न होने से 15 किमी अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे व्यापार और आम लोगों को परेशानी हो रही है.

विज्ञापन

Samastipur News: प्रखंड क्षेत्र की करेह नदी पर सिरसिया ढाला और छेछनी ढाला के बीच पुल निर्माण की वर्षों पुरानी मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है. केंद्रीय जल शक्ति राज्यमंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी के बिथान दौरे के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा नेताओं और ग्रामीणों ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर पुल निर्माण की दिशा में शीघ्र पहल करने की मांग की.

ज्ञापन सौंपने वालों में भाजपा दक्षिणी मंडल अध्यक्ष विजय निषाद, भाजपा उत्तरी मंडल अध्यक्ष शिवशंकर कुशवाहा, जिला मंत्री रामबालक कुशवाहा, उपाध्यक्ष सनातन कुमार, समाजसेवी इंदु गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष संजय गुप्ता, अरविंद महतो, मनीष पंजियार, पवन पूर्वे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे.

पुल नहीं होने से 15 किलोमीटर अधिक तय करनी पड़ती है दूरी

प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को बताया कि सिरसिया ढाला-छेछनी ढाला के बीच पुल नहीं होने के कारण क्षेत्र के कई पंचायतों के लोगों को बिथान मुख्यालय पहुंचने के लिए 15 किलोमीटर से अधिक अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है. इससे समय और आर्थिक दोनों तरह की परेशानी होती है.

ग्रामीणों ने कहा कि आवागमन की कठिनाई के कारण लोग बिथान बाजार की बजाय दूसरे बाजारों का रुख करने लगे हैं, जिससे स्थानीय व्यापार भी प्रभावित हो रहा है.

पुल बनने से विकास को मिलेगी रफ्तार

ग्रामीणों के अनुसार पुल बनने से अस्पताल, प्रखंड कार्यालय, विद्यालय और अन्य सरकारी कार्यालयों तक पहुंच आसान होगी. किसानों को भी अपनी कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी, जिससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी.

केंद्रीय जल शक्ति राज्यमंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी ने ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि यह जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है. उन्होंने संबंधित विभाग से आवश्यक पहल करने और मांग को आगे बढ़ाने का भरोसा दिया.

मंत्री के आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों में पुल निर्माण को लेकर नई उम्मीद जगी है.


विज्ञापन
Ankur Kumar

लेखक के बारे में

By Ankur Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन