श्रम विभाग के प्रशिक्षण शिविर में 27 प्रवासी श्रमिकों के आश्रितों को ₹54 लाख का सांकेतिक चेक

समस्तीपुर में आयोजित श्रम विभाग के प्रशिक्षण शिविर में 27 मृत प्रवासी श्रमिकों के आश्रितों को 54 लाख रुपये के सांकेतिक चेक दिए गए. अधिकारियों ने श्रम कानूनों और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की भी जानकारी दी.
Samastipur News: विधि महाविद्यालय सभागार में बुधवार को श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग की ओर से एक दिवसीय ग्रामीण प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अली एकराम तथा श्रम अधीक्षक गंगा सागर सिंह ने संयुक्त रूप से किया.
कार्यक्रम में जिले के सभी प्रखंडों से आए असंगठित क्षेत्र के कामगारों, शिल्पकारों और श्रमिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया.
27 मृत प्रवासी श्रमिकों के आश्रितों को ₹54 लाख का सांकेतिक चेक
शिविर के दौरान बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना के तहत बिहार से बाहर दुर्घटना में मृत 27 प्रवासी श्रमिकों के वैध आश्रितों के बीच लगभग 54 लाख रुपये का सांकेतिक चेक वितरित किया गया.
अधिकारियों ने बताया कि इस योजना का लाभ प्रखंड विकास पदाधिकारी और श्रम अधीक्षक की अनुशंसा के बाद जिलाधिकारी की स्वीकृति से प्रदान किया जाता है.
सामाजिक सुरक्षा योजना के लाभुकों को भी मिली सहायता
बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना, 2011 के तहत भी पात्र मृत श्रमिकों के वैध आश्रितों को 50-50 हजार रुपये के सांकेतिक चेक प्रदान किए गए.
बाल श्रम रोकने का दिया संदेश
जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने बाल श्रम उन्मूलन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि बाल श्रमिकों से काम कराने वालों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है. उन्होंने उपस्थित श्रमिकों से अपील की कि वे अपने गांवों में भी श्रम कानूनों और सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं.
श्रम कानूनों की दी गई जानकारी
कार्यशाला में विभिन्न श्रम कानूनों, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की पात्रता और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया पर विस्तृत जानकारी दी गई. प्रतिभागियों को श्रम कानूनों से संबंधित हस्तपुस्तिका भी वितरित की गई.
कार्यक्रम में जिला आपूर्ति पदाधिकारी अली एकराम, श्रम अधीक्षक गंगा सागर सिंह सहित जिले के सभी श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी एवं प्रखंडों के डाटा एंट्री ऑपरेटर उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










