सिमरी बख्तियारपुर में एक रात में दो घरों में चोरी, 30 लाख के जेवरात लेकर भागे चोर
चोरी के बाद खेत में पड़ा बैग | Prabhat Khabar Network
सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर में चोरों ने एक ही रात में दो घरों में लाखों की चोरी को अंजाम दिया. लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और कीमती सामान लेकर चोर फरार हो गए. पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है.
Saharsa News: सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर में शुक्रवार की रात चोरों ने एक ही मोहल्ले के दो घरों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी. बख्तियारपुर थाना क्षेत्र की सरडीहा पंचायत स्थित नवींनगर के वार्ड संख्या तीन में अज्ञात चोर घर के पीछे के रास्ते से दाखिल हुए और ताला तोड़कर गोदरेज में रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गये.
आपके शहर में
पीड़ित गृहस्वामी अर्जुन सिंह के अनुसार चोरी गये जेवरात की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये है. वारदात के बाद चोरों ने पड़ोसी रणधीर सिंह के घर में भी प्रवेश किया और वहां सामान खंगाला. हालांकि दूसरे घर से कीमती कपड़ों के अलावा कोई बड़ी संपत्ति चोरों के हाथ नहीं लगी.
सुबह टूटा ताला देखा तो खुला चोरी का राज
परिवार के लोग शुक्रवार रात खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरे में सो गये थे. रात में चोर घर में दाखिल हुए, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी.
शनिवार की सुबह जब अर्जुन सिंह और उनके परिजन सोकर उठे और घर में सामान्य गतिविधियां शुरू हुईं, तभी उनकी नजर एक बंद कमरे के टूटे ताले पर पड़ी. संदेह होने पर उन्होंने कमरे के अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा हुआ था.
कमरे में रखे गोदरेज का ताला भी टूटा मिला. गोदरेज की तलाशी लेने पर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब थे. इसके बाद परिवार को पूरी घटना का पता चला.
पीछे के रास्ते से घर में घुसे चोर
अर्जुन सिंह के मुताबिक चोर घर के पीछे की ओर से अंदर दाखिल हुए थे. उन्होंने कमरे का ताला तोड़ा और गोदरेज खोलकर उसमें रखे जेवरात निकाल लिये.
चोरी के बाद चोर घर में रखा एक बैग भी अपने साथ ले गये. बाद में यह बैग घर से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में पड़ा मिला. इससे आशंका जतायी जा रही है कि चोर बैग को घर से दूर ले जाकर उसमें रखे सामान की जांच कर रहे थे.
बैग के खेत में मिलने से यह भी संकेत मिलता है कि चोरी करने के बाद चोर आसपास के इलाके में ही कुछ समय तक रुके होंगे. हालांकि यह जांच का विषय है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और वे किस रास्ते से मौके से निकले.
पड़ोसी के घर में भी घुसे, कपड़े लेकर भागे
पहले घर में चोरी करने के बाद चोरों ने बगल के रणधीर सिंह के घर को भी निशाना बनाया. घर में प्रवेश करने के बाद चोरों ने अलग-अलग सामान खंगाला.
हालांकि दूसरे घर में उन्हें कोई बड़ी संपत्ति नहीं मिली. चोर वहां से कीमती कपड़े लेकर फरार हो गये. एक ही रात में दो घरों में घुसकर चोरी की घटना से पूरे नवींनगर में दहशत का माहौल है.
Saharsa News: पुलिस पहुंची, जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित गृहस्वामी ने बख्तियारपुर थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया.
पुलिस ने घर के आसपास के इलाके की जांच कर चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाने का प्रयास शुरू किया है. घटना में शामिल चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास के इलाकों में भी जानकारी जुटा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए