सावधान! राज्यरानी और जानकी एक्सप्रेस में मोबाइल चोर सक्रिय

Updated:
विज्ञापन

सहरसा मानसी रेलखंड | Prabhat Khabar Network

राज्यरानी और जानकी एक्सप्रेस में मोबाइल चोरी की घटनाएं बढ़ीं। सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर यात्रियों के पर्स और मोबाइल चोरी होने से हड़कंप, सतर्क रहें।

विज्ञापन

सहरसा. अगर आप मानसी-सहरसा रेलखंड पर राज्यरानी और जानकी एक्सप्रेस से सफर कर रहे हैं तो सावधान रहें. ट्रेन में चढ़ने और उतरने के दौरान थोड़ी सी लापरवाही आपके लिए भारी पड़ सकती है. भीड़ का फायदा उठाकर चोर यात्रियों के पर्स और जेब से मोबाइल व रुपये गायब कर रहे हैं. इनमें अधिकांश घटनाएं सिमरी बख्तियारपुर अमृत भारत स्टेशन के आसपास सामने आ रही हैं. लगातार यात्रियों के चोरों का निशाना बनने से रेल पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

ट्रेन में चढ़ते समय शिक्षिका के पर्स से मोबाइल चोरी शुक्रवार की शाम राज्यरानी एक्सप्रेस में एक शिक्षिका के मोबाइल चोरी की घटना सामने आयी. पीड़िता ने सहरसा जंक्शन पहुंचने के बाद रेल जीआरपी थाना में आवेदन देकर घटना की शिकायत की. जीआरपी थाना ने आगे की कार्रवाई के लिए आवेदन मानसी रेल थाना भेज दिया. पीड़िता नेहा कुमारी के अनुसार 15510 पटना-सहरसा राज्यरानी एक्सप्रेस निर्धारित समय पर सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पहुंची थी. ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह ट्रेन से सहरसा स्थित अपने आवास लौट रही थीं. ट्रेन में चढ़ने के दौरान गेट के पास काफी भीड़ थी. इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका पर्स खोलकर मोबाइल निकाल लिया और फरार हो गया. जब तक शिक्षिका को मोबाइल चोरी होने का पता चला, तब तक ट्रेन सहरसा की ओर रवाना हो चुकी थी. सहरसा जंक्शन पहुंचने के बाद उन्होंने रेल जीआरपी थाना में शिकायत दर्ज करायी.

राज्यरानी और जानकी एक्सप्रेस में चोरी की घटनाएं बढ़ीं सिमरी बख्तियारपुर से सहरसा तथा सहरसा से पूर्णिया कोर्ट रेलखंड पर चलने वाली जानकी एक्सप्रेस और राज्यरानी एक्सप्रेस में मोबाइल व अन्य सामान चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. रेल पुलिस भी इन दोनों ट्रेनों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर पहले से अवगत रही है. पूर्व में रेल पुलिस ने चोरी की अधिकांश घटनाओं के लिए इन दोनों ट्रेनों को चिन्हित किया था. इन ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए मानसी से सहरसा तक मुखबिर तंत्र सक्रिय करने की योजना भी बनायी गयी थी. लेकिन करीब एक वर्ष बीतने के बाद भी रेल पुलिस की ओर से इन ट्रेनों में मुखबिर तैनात नहीं किये जा सके हैं. ऐसे में यात्रियों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है.

कभी पत्रकार तो कभी पुलिसकर्मी भी बने शिकार जानकी एक्सप्रेस में मोबाइल चोरी की घटनाओं से आम यात्री ही नहीं, बल्कि पत्रकार और रेलकर्मी भी प्रभावित हो चुके हैं. कुछ माह पूर्व सिमरी बख्तियारपुर से सहरसा के लिए खुल रही जानकी एक्सप्रेस में एक पत्रकार का मोबाइल चोरी हो गया था. वहीं सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर तैनात रेल कर्मचारी भी मोबाइल चोरी की घटना का शिकार हो चुके हैं. पिछले वर्ष मानसी-सहरसा जानकी एक्सप्रेस में एक महिला सब इंस्पेक्टर के बैग की चेन काटकर पिस्टल चोरी किये जाने का मामला भी सामने आया था. हालांकि रेल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कुछ ही दिनों में पिस्टल बरामद कर लिया था और आरोपी को गिरफ्तार किया गया था.

यात्रियों को सतर्क रहने की जरूरत लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. खासकर गेट के पास भीड़ के दौरान पर्स, मोबाइल और अन्य कीमती सामान को सुरक्षित रखना जरूरी है. वहीं यात्रियों ने रेल पुलिस से राज्यरानी और जानकी एक्सप्रेस में नियमित सुरक्षा जांच और निगरानी बढ़ाने की मांग की है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन