सहरसा: आरण में मयूर अभ्यारण्य के लिए सरकारी जमीन की तलाश शुरू, डीएम के आदेश पर गांव पहुंचीं सीओ शिखा सिंह

विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

सहरसा के आरण गांव में राष्ट्रीय पक्षी मोरों के संरक्षण के लिए प्रशासन ने मयूर अभ्यारण्य बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है. प्रभात खबर की प्रमुखता से छपी खबर के बाद जिला प्रशासन ने सक्रियता दिखाते हुए जमीन की तलाश शुरू कर दी है. इससे ग्रामीणों में नई उम्मीद जगी है.

विज्ञापन

सहरसा जिले के आरण गांव में मोर दशकों से रह रहे हैं. अब प्रशासन उनके संरक्षण के लिए पूरी सक्रियता दिखा रहा है. प्रभात खबर में प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लिया है. जिलाधिकारी ने साफ निर्देश दिए हैं कि अंचलाधिकारी (सीओ) शिखा सिंह दलबल के साथ खुद आरण गांव पहुंचीं और प्रस्तावित मयूर अभ्यारण्य (पीकॉक सेंचुरी) के निर्माण के लिए बिहार सरकार की ज़मीन की तलाश शुरू कर दी है. प्रशासनिक सक्रियता से वर्षों से मोरों की सुरक्षा की मांग कर रहे ग्रामीणों में नई उम्मीद जगी है.

विज्ञापन
विचरण करते मयूर व प्रभात खबर में प्रकाशित खबर | Prabhat Khabar Network
प्रभात खबर में प्रकाशित खबर | Prabhat Khabar Network

2 एकड़ ज़मीन की ज़रूरत, ग्रामीणों से भी मांगी गई मदद

गांव में मुआयना करने पहुंचीं सीओ शिखा सिंह ने बताया कि आरण में मयूर अभ्यारण्य विकसित करने के लिए करीब दो एकड़ सरकारी भूमि की आवश्यकता है. अंचल प्रशासन द्वारा राजस्व अभिलेखों और स्थल पर बिहार सरकार की सरकारी और उपयुक्त ज़मीन की उपलब्धता की गहन पड़ताल की जा रही है. सीओ ने स्थानीय ग्रामीणों से भी अपील की है कि यदि उनके संज्ञान में उपयुक्त सरकारी भूखंड हो, तो वे प्रशासन को तत्काल सूचित करें. उन्होंने आश्वस्त किया कि ज़मीन चिन्हित होते ही विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा.

सहरसा: आरण गांव बना राष्ट्रीय पक्षी मोरों का अनूठा बसेरा, सीएम के आश्वासन के 10 साल बाद भी संरक्षण की नीति का इंतजार

घरों के आंगन और बगीचों में टहलते हैं सैकड़ों मोर, जंगली जानवरों का डर

आरण गांव की अनूठी पहचान यह है कि यहां वर्षों से सैकड़ों की संख्या में मोर इंसानों के साथ सह-अस्तित्व में रह रहे हैं. मोर गांव के घर-आंगन, दरवाजों, खलिहानों और आम-लीची के बगीचों में बेखौफ विचरण करते दिखते हैं. हालांकि, किसी सुरक्षित बाउंड्री और अभ्यारण्य के अभाव में इन राष्ट्रीय पक्षियों पर सियार, जंगली कुत्तों व अन्य हिंसक जानवरों का खतरा निरंतर बना रहता है. कई बार जंगली जानवर मोरों के अंडों और नवजात बच्चों को अपना शिकार बना लेते हैं, जिससे इनकी आबादी पर संकट मंडराता रहा है.

विचरण करते मयूर व प्रभात खबर में प्रकाशित खबर | Prabhat Khabar Network
विचरण करते मयूर | Prabhat Khabar Network

खबर छपने के बाद जदयू नेता ने मुख्यमंत्री को लिखा था पत्र

आरण में मोरों के प्राकृतिक वास की रक्षा को लेकर प्रभात खबर द्वारा आवाज़ उठाए जाने के बाद जदयू नेता किशोर कुमार सिंह ने मामले को उच्च स्तर पर उठाया था. उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर आरण को संरक्षित पक्षी क्षेत्र घोषित करने और ठोस नीति बनाने की मांग की थी. इसके बाद प्रशासनिक महकमे ने फाइल को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया शुरू कर दी.

विचरण करते मयूर व प्रभात खबर में प्रकाशित खबर | Prabhat Khabar Network
विचरण करते मयूर | Prabhat Khabar Network

ग्रामीणों में उत्साह, मयूर गांव के रूप में मिलेगी राष्ट्रीय पहचान

सीओ के गांव पहुंचने पर सामाजिक कार्यकर्ता कृष्ण कुमार कुंदन, अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर उपस्थित रहे. ग्रामीणों ने बताया कि, "अगर यहाँ अभ्यारण्य बन गया तो यह सिर्फ मोरों के लिए ही नहीं, बल्कि हमारे गाँव के लिए भी बहुत बड़ी बात होगी". उन्होंने कहा कि इससे आरण गांव इको-टूरिज्म के नक्शे पर एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में भी उभरेगा.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन