रक्तदान अभियान से बनाई पहचान, कासिमपुर के बिमलेश कुमार भगत का अंतर्राष्ट्रीय मंच पर सम्मान

फोटो - सम्मानित होते बिमलेश | Prabhat Khabar Network
कासिमपुर गांव के युवा समाजसेवी बिमलेश कुमार भगत को उनके निस्वार्थ रक्तदान और समाजसेवा के कार्यों के लिए अंतर्राष्ट्रीय मिथिला सम्मान से सम्मानित किया गया है. इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है.
Saharsa News: सहरसा जिले के बनमा ईटहरी प्रखंड के कासिमपुर गांव के युवा समाजसेवी बिमलेश कुमार भगत को रक्तदान और समाजसेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए अंतर्राष्ट्रीय मिथिला सम्मान से सम्मानित किया गया है. समस्तीपुर में आयोजित एक भव्य समारोह में उन्हें मिथिला पाग, अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया. इस उपलब्धि के बाद सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है.
बिमलेश कुमार भगत युवा क्रांति फाउंडेशन के राष्ट्रीय संयोजक हैं और लंबे समय से रक्तदान, आपदा सहायता, जरूरतमंद मरीजों की मदद और सामाजिक जागरूकता से जुड़े अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई ऐसे अवसरों पर जरूरतमंदों के लिए रक्त की व्यवस्था कराई, जब मरीजों के परिजन निराश हो चुके थे.
समस्तीपुर में आयोजित समारोह में मिला सम्मान
यह सम्मान ब्लड फोर्स टीम द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय मंच पर प्रदान किया गया. समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में समस्तीपुर विधायक अश्वमेध देवी उपस्थित थीं. बिहार एनजीओ एसोसिएशन के अध्यक्ष बबलू सिंह ने बिमलेश कुमार भगत को सम्मानित करते हुए उनके सामाजिक योगदान की सराहना की.
कार्यक्रम में नेपाल सहित भारत के विभिन्न राज्यों से आए समाजसेवी, रक्तदान संगठनों के प्रतिनिधि और अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे. आयोजन का उद्देश्य उन लोगों को सम्मानित करना था जिन्होंने समाज और मानवता की सेवा में उल्लेखनीय योगदान दिया है.
सम्मान को सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों को किया समर्पित
सम्मान प्राप्त करने के बाद बिमलेश कुमार भगत ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है. उन्होंने इसे युवा क्रांति फाउंडेशन, जीवन रक्षक सोसाइटी, सहरसा और उन सभी रक्तदाताओं तथा स्वयंसेवकों को समर्पित किया, जिन्होंने निस्वार्थ भाव से मानव सेवा का कार्य किया है.
उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद को समय पर रक्त उपलब्ध कराना केवल सेवा नहीं, बल्कि जीवन बचाने का सबसे बड़ा माध्यम है. समाज में स्वैच्छिक रक्तदान की संस्कृति जितनी मजबूत होगी, उतनी ही अधिक जिंदगियां बचाई जा सकेंगी.
युवाओं के लिए प्रेरणा बनी उपलब्धि
सिमरी बख्तियारपुर और बनमा ईटहरी क्षेत्र में इस सम्मान को युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटे गांव से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर समाजसेवा की पहचान बनाना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है.
युवा क्रांति फाउंडेशन के संस्थापक सुधांशु प्रियदर्शी ने कहा कि बिमलेश कुमार भगत हमेशा समाजहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाते हैं. उन्होंने कहा कि यह सम्मान पूरे संगठन और क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है और इससे समाजसेवा से जुड़े युवाओं को नई प्रेरणा मिलेगी.
Saharsa News: क्षेत्रभर से मिली बधाइयां
बिमलेश कुमार भगत को सम्मान मिलने के बाद संगठन के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई दी. रुपेश कुमार, अमरथ कुमार, अमरजीत कुमार, कार्तिक कुमार, प्रवीण भगत, आलोक कुमार, पूर्व जिला परिषद सदस्य बिंदेश्वरी चौधरी, संदीप यादव, शंभु मोदी और अमर पोद्दार सहित कई लोगों ने इसे सहरसा और कोसी क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया.
Also Read: TRE-4 के लिए BPSC को भेजा गया प्रस्ताव हुआ वापस, क्या अब होगा आंदोलन? शोभा अहोतकर से लगाई उम्मीद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपांकर श्रीवास्तव
दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










