सहरसा मंडी में मक्का-गेहूं के भाव नरम, चावल ने पकड़ी तेजी; जानें आज किस अनाज का कितना रहा रेट
Mandi Ai Image
सहरसा मंडी में कृषि उत्पादों के भावों में उतार-चढ़ाव जारी है. मक्का की आवक बढ़ने से कीमतों में नरमी आई है, वहीं चावल की मजबूत मांग से भाव चढ़े हुए हैं. जानिए आज के मंडी भाव.
सहरसा मंडी में शुक्रवार को कृषि उत्पादों के कारोबार में उतार-चढ़ाव देखने को मिला. मौसम साफ रहने से मंडी में अनाज की आवक सामान्य रही, लेकिन मक्का की बढ़ी हुई आवक और सीमित खरीदारी के कारण इसके भाव में नरमी दर्ज की गयी. गेहूं की कीमतों में भी हल्की गिरावट रही. इसके विपरीत चावल की मांग मजबूत बनी हुई है. कारोबारियों के अनुसार बाहरी बाजारों से लगातार मांग आने के कारण चावल की कुछ प्रमुख किस्मों के भाव मजबूत बने हुए हैं.
आपके शहर में
मक्का की आवक बढ़ी, खरीदारों ने खींचे हाथ
मंडी कारोबारियों के अनुसार किसान लगातार मक्का लेकर मंडी पहुंच रहे हैं. बाजार में पर्याप्त मात्रा में मक्का उपलब्ध होने के बावजूद बड़े खरीदार सीमित मात्रा में खरीदारी कर रहे हैं. मांग और आपूर्ति के बीच बने अंतर का असर सीधे कीमतों पर पड़ा है और मक्का के भाव नरम हुए हैं.
गुरुवार को मंडी में मक्का करीब 1900 से 2000 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिकता रहा. कारोबारियों का मानना है कि यदि आवक इसी तरह बनी रही और खरीदारी में तेजी नहीं आयी तो आने वाले दिनों में भी मक्का के भाव पर दबाव रह सकता है.
गेहूं में भी हल्की गिरावट, उपलब्धता बनी वजह
गेहूं के बाजार में भी शुक्रवार को कुछ नरमी देखने को मिली. मंडी में पर्याप्त उपलब्धता रहने के कारण कीमतों में हल्की गिरावट दर्ज की गयी. गुरुवार को गेहूं का भाव करीब 2400 से 2500 रुपये प्रति क्विंटल रहा.
मंडी से जुड़े कारोबारियों की नजर अब आने वाले दिनों की आवक और खरीदारी की स्थिति पर है. मांग बढ़ने पर गेहूं के भाव में सुधार की संभावना जतायी जा रही है.
चावल ने संभाला बाजार, बाहर से मिल रही मजबूत मांग
मक्का और गेहूं के मुकाबले चावल का बाजार मजबूत बना हुआ है. बाहरी राज्यों से मांग बढ़ने के कारण चावल की कुछ प्रमुख किस्मों की कीमतों में मजबूती देखी जा रही है. इससे चावल उत्पादकों और व्यापारियों को राहत मिली है.
चावल खिलाखिला का भाव करीब 5300 से 5400 रुपये प्रति क्विंटल रहा. वहीं 24 कैरेट बासमती और 24 कैरेट जी हां चावल का भाव लगभग 5700 से 5800 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया.
दाल, तेल और सब्जियों के भाव भी जानिए
मंडी में मसूर 6500 से 7000 रुपये, अरहर 12500 से 13000 रुपये और चना दाल 7500 से 8000 रुपये प्रति क्विंटल रही. गोटा चना 6500 से 6700 रुपये और गोटा मूंग 10000 से 10500 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिका.
पीला सरसों 11000 से 12000 रुपये प्रति क्विंटल रहा, जबकि 15 लीटर धारा सरसों तेल 2550 से 2600 रुपये तक बिका. आलू का भाव 100 से 1200 रुपये और प्याज 3000 से 3200 रुपये प्रति क्विंटल के बीच रहा.
अगले सप्ताह चावल की मांग और मक्का की आवक पर नजर
मंडी विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में मक्का की आवक और चावल की बाहरी मांग बाजार की दिशा तय कर सकती है. यदि मक्का की आवक बढ़ती रही तो भाव पर दबाव बना रह सकता है, जबकि चावल की मांग मजबूत रहने पर इसकी कीमतों में और मजबूती आने की संभावना है. किसानों और व्यापारियों के लिए ताजा मंडी भाव पर नजर रखना महत्वपूर्ण होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए