सहरसा जंक्शन पर हाई अलर्ट, 15 अगस्त से पहले डॉग स्क्वायड ‘रेंजर’ ने शुरू की ट्रेनों और स्टेशन की सघन जांच
फोटाे - रेंजर के साथ आरपीएफ | Prabhat Khabar Network
स्वतंत्रता दिवस 2026 को लेकर सहरसा जंक्शन पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. विशेष प्रशिक्षित डॉग स्क्वायड 'रेंजर' को स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों की सघन जांच के लिए तैनात किया गया है. यह विशेष अभियान 15 अगस्त तक जारी रहेगा.
Saharsa News: स्वतंत्रता दिवस 2026 को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने सहरसा जंक्शन की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है. अमृत भारत स्टेशन के रूप में विकसित हो रहे सहरसा जंक्शन की निगरानी के लिए विशेष प्रशिक्षित ट्रैकर डॉग ‘रेंजर’ को तैनात किया गया है. रेंजर डॉग स्क्वायड टीम के साथ स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और प्रमुख ट्रेनों की सघन जांच कर रहा है.
शनिवार को समस्तीपुर से डॉग स्क्वायड टीम के साथ रेंजर सहरसा जंक्शन पहुंचा. आरपीएफ इंस्पेक्टर धनंजय कुमार यादव के नेतृत्व में स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म और आने-जाने वाली ट्रेनों की गहन तलाशी ली गई.
सुबह से शाम तक चला सुरक्षा अभियान
दिल्ली में विशेष प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद समस्तीपुर पहुंचा रेंजर शनिवार को सुबह से देर शाम तक सुरक्षा जांच अभियान में सक्रिय रहा.
स्टेशन परिसर के उन सभी स्थानों की जांच की गई, जहां यात्रियों की आवाजाही अधिक रहती है. डॉग स्क्वायड टीम में रंजीत और दिलीप साह भी शामिल रहे.
कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के हर कोच की तलाशी
रेलवे सुरक्षा बल के साथ रेंजर ने जानकी एक्सप्रेस, सहरसा-राजेंद्र नगर इंटरसिटी एक्सप्रेस, हाटे बाजार एक्सप्रेस, सहरसा-बेंगलुरु सुपरफास्ट एक्सप्रेस और सुपौल-पुणे एक्सप्रेस के प्रत्येक कोच की जांच की.
इसके अलावा सहरसा से समस्तीपुर जाने वाली सहरसा-अहमदाबाद एक्सप्रेस की भी विशेष तलाशी ली गई. जांच के दौरान विस्फोटक पदार्थ, संदिग्ध पैकेट और अन्य प्रतिबंधित सामग्री की तलाश की गई.
मादक पदार्थ तस्करी पर भी रहेगी नजर
रेलवे अधिकारियों के अनुसार सहरसा रेलखंड नेपाल सीमा से जुड़े क्षेत्रों के कारण संवेदनशील माना जाता है.
इसी मार्ग से वैशाली एक्सप्रेस, राज्यरानी एक्सप्रेस, जनसाधारण एक्सप्रेस सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनें गुजरती हैं. पूर्व में वैशाली एक्सप्रेस से रेलवे सुरक्षा बल द्वारा कई बार गांजा बरामद किया जा चुका है.
रेंजर को विशेष रूप से विस्फोटक और मादक पदार्थों की पहचान करने का प्रशिक्षण दिया गया है. ऐसे में उसकी तैनाती से नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने और रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है.
Saharsa News: स्वतंत्रता दिवस तक जारी रहेगा विशेष अभियान
रेलवे सुरक्षा बल ने बताया कि 15 अगस्त तक सहरसा जंक्शन और इस रेलखंड पर विशेष सुरक्षा जांच अभियान लगातार जारी रहेगा.
यात्रियों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल या स्टेशन प्रशासन को दें.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए