बैजनाथपुर मुक्तिधाम के सौंदर्यीकरण की तैयारी, नगर निगम को सौंपा गया ज्ञापन

फोटो- ज्ञापन देते मंच सदस्य व अन्य | Prabhat Khabar Network
सहरसा नगर निगम बैजनाथपुर स्थित मुक्तिधाम के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है. स्थानीय प्रतिनिधियों ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर आधारभूत सुविधाओं के विकास की मांग की है.
सहरसा नगर निगम क्षेत्र के मौजा बैजनाथपुर स्थित मुक्तिधाम के सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास की दिशा में नगर निगम ने पहल शुरू कर दी है. बुधवार को मारवाड़ी युवा मंच जिला शाखा के प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा से मुलाकात कर मुक्तिधाम के विकास को लेकर ज्ञापन सौंपा. इस दौरान उपमहापौर गुड्डू हयात एवं वार्ड संख्या-34 के पार्षद प्रतिनिधि सिंको सिन्हा भी मौजूद रहे.
मुक्तिधाम में आधारभूत सुविधाएं विकसित करने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से मुक्तिधाम में बाउंड्री वॉल, समुचित विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, शौचालय निर्माण, मिट्टी भराई, पेवर ब्लॉक बिछाने, सड़क निर्माण तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की. प्रतिनिधियों ने कहा कि अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को सम्मानजनक और सुविधाजनक वातावरण मिलना चाहिये.
नगर आयुक्त ने दिया सकारात्मक आश्वासन
नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस प्रस्ताव को आगामी सशक्त स्थायी समिति की बैठक में रखा जाएगा. समिति से स्वीकृति मिलने के बाद निविदा प्रक्रिया पूरी कर विकास कार्य जल्द शुरू कराया जायेगा.
जनहित के कार्यों को प्राथमिकता: उपमहापौर
उपमहापौर गुड्डू हयात ने कहा कि नगर निगम जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है. शहर की मूलभूत सुविधाओं के विस्तार एवं सार्वजनिक स्थलों के विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से लगातार कार्य किए जा रहे हैं.
लोगों को मिलेगी बेहतर सुविधा
नगर निगम की इस पहल से बैजनाथपुर मुक्तिधाम में आधुनिक और आवश्यक सुविधाओं के विकास की उम्मीद बढ़ गई है. इससे शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर सुविधाओं का लाभ मिलेगा.इस अवसर पर बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष राजेश यादुका, उपाध्यक्ष टोनी अग्रवाल, वरिष्ठ सदस्य सुशील दहलान, मारवाड़ी युवा मंच जिला शाखा के कोषाध्यक्ष सुमित केजरीवाल, अध्यक्ष आदित्य मित्तल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










