सहरसा–मानसी रेलखंड : जंगल बना प्लेटफॉर्म, जोखिम भरा सफर, बदहाली का प्रतीक बना कोपरिया स्टेशन

Updated:
विज्ञापन

कपाड़िया स्टेशन पर उगी झाड़ियां.

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Saharsa News : सहरसा-मानसी रेलखंड पर स्थित कोपरिया रेलवे स्टेशन की बदहाली यात्रियों के लिए मुसीबत बन गई है. झाड़ियों से ढका प्लेटफॉर्म और जर्जर पहुंच मार्ग सफर को जोखिम भरा बना रहे हैं. स्थानीय लोग सुविधाओं की मांग कर रहे हैं.

विज्ञापन

Saharsa News : सलखुआ प्रखंड स्थित पूर्व मध्य रेल के सहरसा–मानसी रेलखंड पर अवस्थित कोपरिया रेलवे स्टेशन बदहाल स्थिति में है. स्टेशन परिसर में साफ-सफाई, सुरक्षित पहुंच मार्ग और यात्री सुविधाओं का अभाव लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है. जनप्रतिनिधियों ने निरीक्षण कर शीघ्र विकास का भरोसा दिलाया है.

विज्ञापन

झाड़ियों से घिरा प्लेटफॉर्म, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

बड़ी रेललाइन बनने के बाद प्लेटफॉर्म का विस्तार तो किया गया, लेकिन उसकी ऊंचाई नहीं बढ़ाई गई. नतीजतन प्लेटफॉर्म पर जगह-जगह घास और झाड़ियां उग आई हैं. नियमित सफाई नहीं होने से प्लेटफॉर्म का बड़ा हिस्सा जंगलनुमा दिखाई देता है, जिससे यात्रियों को आवागमन में कठिनाई होती है.

स्टेशन तक पहुंचने का रास्ता भी जर्जर

स्टेशन तक पहुंचने के लिए केवल एक संकरा और जर्जर मार्ग है, जो गड्ढों और कीचड़ से भरा रहता है. मजबूरी में कई यात्री रेल ट्रैक के किनारे और झाड़ियों के बीच से होकर स्टेशन तक पहुंचते हैं. बरसात के मौसम में जलजमाव और फिसलन के कारण स्थिति और गंभीर हो जाती है.

बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव

यात्रियों का कहना है कि स्टेशन पर बैठने की समुचित व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी अभाव है. वर्षों से स्टेशन की उपेक्षा होने के कारण यात्रियों को रोजाना असुविधा झेलनी पड़ रही है.

स्थानीय लोगों में बढ़ रहा आक्रोश

स्थानीय लोगों और यात्रियों ने स्टेशन की लगातार हो रही अनदेखी पर नाराजगी जताई है. उनका कहना है कि इस महत्वपूर्ण रेलखंड से प्रतिदिन कई अधिकारी गुजरते हैं, लेकिन स्टेशन के विकास की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है.

जनप्रतिनिधियों ने विकास का दिलाया भरोसा

प्रखंड भ्रमण के दौरान सांसद प्रतिनिधि रितेश रंजन और विधायक प्रतिनिधि सर्वेश साह ने कोपरिया रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्रियों की समस्याओं का जायजा लिया. निरीक्षण के बाद उन्होंने कहा कि स्टेशन के समग्र विकास के लिए हर स्तर पर पहल की जाएगी. उन्होंने बताया कि खगड़िया सांसद राजेश वर्मा इस मुद्दे को रेल मंत्री के समक्ष उठाएंगे. जनप्रतिनिधियों ने भरोसा दिलाया कि स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और यात्रियों को सुरक्षित व सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के लिए शीघ्र ठोस कदम उठाए जाएंगे.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन