सहरसा में लगातार दूसरे दिन मिड-डे मील खाने से बच्चे बीमार,फिर मिला खाने में सांप

Author Ragini Sharma|Edited by Ragini Shamra
Updated:
विज्ञापन

अस्पताल में भीड़ की तस्वीर

Bihar News: सहरसा जिले में मिड-डे मील को लेकर लगातार दूसरे दिन बड़ा मामला सामने आया है. शुक्रवार को सौरबाजार के कन्या मध्य विद्यालय मुरचा में भोजन खाने के बाद कई बच्चों की तबीयत बिगड़ गई. बच्चों ने खाने में सांप का कांटा और शरीर का हिस्सा मिलने का आरोप लगाया है. इससे पहले गुरुवार को महिषी प्रखंड के मध्य विद्यालय बलुआहा में भी मिड-डे मील खाने के बाद दो दर्जन से अधिक बच्चे बीमार पड़ गए थे.

विज्ञापन

Bihar News: (छत्री कुमार की रिपोर्ट) सौरबाजार थाना क्षेत्र की सहुरिया पंचायत स्थित कन्या मध्य विद्यालय मुरचा में आज यानि शुक्रवार को फिर, से मध्याह्न भोजन खाने के बाद एक दर्जन से अधिक बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई. बच्चों ने पेट दर्द, उल्टी और घबराहट की शिकायत की. जिसके बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में अभिभावकों और शिक्षकों की मदद से सभी बच्चों को सौरबाजार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

भोजन में सांप का कांटा मिलने का आरोप

बच्चों और उनके अभिभावकों का आरोप है कि मिड-डे मील में जहरीले सांप का कांटा और शरीर का कुछ हिस्सा मिला था. बच्चों ने बताया कि खाना खाते समय उनकी थाली में संदिग्ध चीज दिखाई दी, जिसके बाद कई बच्चों की तबीयत खराब होने लगी.

हालांकि प्रशासन की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. लेकिन घटना के बाद इलाके में डर और नाराजगी का माहौल है.

एक दिन पहले बलुआहा स्कूल में भी हुई थी ऐसी घटना

इससे पहले गुरुवार को सहरसा जिले के महिषी प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय बलुआहा में भी मिड-डे मील खाने के बाद कई बच्चों की तबीयत बिगड़ गई थी. देखते ही देखते स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. कई बच्चों ने उल्टी, पेट दर्द और बेचैनी की शिकायत की थी .इसके बाद बच्चों को तुरंत महिषी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जहां दो दर्जन से अधिक बच्चों का इलाज किया गया.

अभिभावकों में आक्रोश, स्कूल प्रशासन पर सवाल

बलुआहा स्कूल की घटना के बाद बच्चों और अभिभावकों ने आरोप लगाया था कि भोजन में किसी मृत जीव या सांप के बच्चे जैसी चीज दिखाई दी थी. लोगों का कहना है कि संदिग्ध भोजन खाने के बाद ही बच्चों की हालत बिगड़ी. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंच गए और स्कूल प्रशासन व भोजन व्यवस्था पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया. स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा.

एनजीओ की भोजन व्यवस्था पर उठे सवाल

जानकारी के अनुसार बलुआहा स्कूल में मिड-डे मील की आपूर्ति एक एनजीओ के माध्यम से की जाती है, जो पहले से तैयार भोजन उपलब्ध कराता है. लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद इस व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों के भोजन की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए.

जांच और कार्रवाई की मांग तेज

लगातार दो दिनों में सामने आए इन मामलों के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है. लोगों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. प्रशासन ने भोजन के नमूनों की जांच कराने की बात कही है. फिलहाल स्वास्थ्य विभाग बच्चों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.

Also Read: देश से विदेश तक छाया हाजीपुर का मालभोग केला, पीएम मोदी ने वियतनाम के राष्ट्रपति को दिया खास उपहार

विज्ञापन
Ragini Sharma

लेखक के बारे में

By Ragini Sharma

मैं रागिनी शर्मा वर्तमान में पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके. पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की. इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन