सहरसा में वैशाली एक्सप्रेस से गिरा युवक, 40 मिनट तड़पता रहा जख्मी, लोग बनाते रहे वीडियो
घटनास्थल की तस्वीर
Bihar News: बिहार के सहरसा जिले में वैशाली एक्सप्रेस से गिरकर युवक की मौत हो गई. सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन के पटरी पर लगभग 40 मिनट तक युवक तड़पता रहा. अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. घटना की सूचना पर युवक के परिजन सहरसा के लिए रवाना हुए.
Bihar News: सहरसा में पूर्व मध्य रेलवे के सहरसा-मानसी रेलखंड के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया. सहरसा से दिल्ली जा रही वैशाली एक्सप्रेस से गिरकर एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे में उसके दोनों पैर और एक हाथ कट गया. घायल अवस्था में वह प्लेटफॉर्म संख्या एक के पटरी पर तड़पता रहा, लेकिन काफी देर तक कोई मदद के लिए आगे नहीं आया.
आपके शहर में
कहां का रहने वाला था मृतक?
घायल की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना इलाके के बीरपुर पंचायत वार्ड संख्या 12 निवासी अजीत कुमार के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार, अजीत सहरसा में एक बर्तन दुकान में काम करता था और गुरुवार को वैशाली एक्सप्रेस से अपने घर मुजफ्फरपुर जा रहा था. इसी दौरान ट्रेन के सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पहुंचते ही वह अचानक ट्रेन से गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया.
मानवता हुई शर्मसार
घटना के बाद स्टेशन पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन घायल अजीत करीब 40 मिनट तक पटरी के पास तड़पता रहा. काफी संख्या में लोग मौके पर मौजूद थे, लेकिन किसी ने उसे उठाने या अस्पताल पहुंचाने की हिम्मत नहीं दिखाई. मदद करने के बजाय अधिकतर लोग अपने मोबाइल से वीडियो बनाने में व्यस्त रहे. अंत में कुछ स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए सिमरी बख्तियारपुर अस्पताल को सूचना दी. सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को आनन-फानन में सिमरी बख्तियारपुर अस्पताल ले जाया गया.
रास्ते में ही हो गई मौत
अस्पताल में डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सहरसा रेफर कर दिया. लेकिन सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही अजीत ने दम तोड़ दिया. इस दौरान अनुमंडल अस्पताल में इलाज से भी अस्पताल कर्मी परहेज करते नजर आए. मृतक के परिजन को घटना के बारे में जानकारी दी गई, जिसके बाद वे सहरसा के लिए रवाना हो गए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए