पहली बारिश में डूबा सफाई का दावा: चेनारी की सड़कों पर बहा नाली का गंदा पानी
Rohtas News : जलजमाव और कूड़े-कचरे से लोगों में नाराजगी, नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल, हल्की बारिश में ही जाम हुई नालियां, राहगीरों और दुकानदारों को हुई भारी परेशानी
रोहतास: (संदेश जायसवाल)
नगर पंचायत चेनारी में नाली सफाई को लेकर किए जा रहे दावों की पहली ही बारिश ने पूरी तरह पोल खोल कर रख दी. शुक्रवार सुबह हुई हल्की बारिश के बाद ही कई वार्डों की नालियां जाम हो गईं और गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा. सड़क किनारे जमा कूड़े-कचरे और बदबू से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया.
आपके शहर में
मुख्य बाजार, स्टेट हाईवे और वार्डों की गलियों में जलजमाव की स्थिति बन गई. जगह-जगह नाली का पानी सड़क पर फैलने से राहगीरों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. दोपहिया वाहन चालक फिसलन और गड्ढों के बीच जान जोखिम में डालकर गुजरते नजर आए.
सफाई अभियान पर लोगों ने उठाए सवाल
स्थानीय निवासी जमुना शर्मा, जयदेव शर्मा, हरिद्वार शर्मा और रमन गुप्ता ने बताया कि बारिश से पहले नगर पंचायत द्वारा बड़े स्तर पर नाली सफाई अभियान चलाने का दावा किया गया था, लेकिन अधिकांश जगहों पर सिर्फ खानापूर्ति की गई.
लोगों का आरोप है कि कई नालियों की उड़ाही अधूरी छोड़ दी गई, जबकि निकाला गया कचरा भी सड़क किनारे ही छोड़ दिया गया. बारिश होने पर वही कूड़ा दोबारा नालियों में बह गया और जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई.
हर साल बनती है ऐसी स्थिति
बदबू और गंदगी से आसपास के दुकानदारों में भी भारी नाराजगी देखी गई. नगरवासियों का कहना है कि हर साल बारिश के मौसम में यही हालात बनते हैं, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जाती.
लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने, नालियों की नियमित उड़ाही कराने तथा जलजमाव से स्थायी निजात दिलाने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए