ePaper

क्या हिना शहाब बनेंगी RJD की पसंद? भाई वीरेंद्र के बयान ने बढ़ाई सरगर्मी

Updated at : 24 Feb 2026 12:27 PM (IST)
विज्ञापन
Rajya-Sabha-Election

हिना सहाब और भाई वीरेंद्र

Rajya Sabha Election 2026 : मार्च में होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले भाई वीरेंद्र के बयान के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि राष्ट्रीय जनता दल अल्पसंख्यक चेहरे के तौर पर हिना शहाब को उम्मीदवार बना सकता है. हालांकि पार्टी की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन बयान ने राजनीति में नए संकेत दे दिए हैं.

विज्ञापन

Rajya Sabha Election 2026: बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए होने वाली जंग अब बेहद दिलचस्प मोड़ पर आ गई है. जहां एक ओर एनडीए अपनी चार सीटों पर गणित बिठा रहा है,वहीं विपक्षी खेमे में आरजेडी ने ‘एक सीट’ पर कब्जा जमाने के लिए एक नया और चौंकाने वाला फॉर्मूला पेश किया है.

आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने सुझाव दिया है कि अगर पूर्व सांसद दिवंगत शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब को मैदान में उतारा जाता है, तो विपक्ष न केवल एकजुट होगा बल्कि जीत भी सुनिश्चित कर लेगा.

भाई वीरेंद्र का ‘अकलियत’ कार्ड

आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने अपनी व्यक्तिगत राय रखते हुए कहा कि राज्यसभा की इस सीट पर किसी अकलियत (अल्पसंख्यक) चेहरे को मौका मिलना चाहिए. उन्होंने हिना शहाब का नाम लेते हुए तर्क दिया कि चुनाव जीतने के लिए ‘गोटी बैठाना’ पड़ता है.

भाई वीरेंद्र के मुताबिक, हिना शहाब एक ऐसी उम्मीदवार हो सकती हैं जिनके नाम पर विपक्षी दलों के बीच आम सहमति बन सकती है. उनका इशारा साफ था कि अगर आरजेडी हिना शहाब को टिकट देती है, तो ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के लिए उनका विरोध करना मुश्किल होगा. यह फॉर्मूला न केवल आरजेडी के पुराने वोट बैंक को एकजुट करने की कोशिश है, बल्कि बिखरे हुए विपक्ष को एक मंच पर लाने की कवायद भी मानी जा रही है.

AIMIM की दावेदारी से समीकरण जटिल

एआईएमआईएम के बिहार प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने पहले ही घोषणा कर दी है कि उनकी पार्टी राज्यसभा चुनाव में अपना उम्मीदवार उतारेगी. ईमान का कहना है कि यदि विपक्ष वास्तव में सांप्रदायिक शक्तियों को रोकना चाहता है, तो उसे एआईएमआईएम के उम्मीदवार का समर्थन करना चाहिए.

भाई वीरेंद्र ने इस पर पलटवार करते हुए कहा कि चुनाव के समय हर कोई दावेदारी करता है, लेकिन अंततः समीकरण ही काम आते हैं. आरजेडी खेमे को भरोसा है कि हिना शहाब के नाम पर ओवैसी के विधायकों का समर्थन हासिल किया जा सकता है, जिससे एनडीए के क्लीन स्वीप के सपनों पर पानी फेरा जा सके.

हिना शहाब की राजनीतिक पृष्ठभूमि

हिना शहाब दिवंगत बाहुबली नेता और पूर्व सांसद मो. शहाबुद्दीन की पत्नी हैं. वे 2009 से लोकसभा चुनाव लड़ती रही हैं, लेकिन जीत नहीं मिली. 2024 में उन्होंने निर्दलीय चुनाव भी लड़ा था. फिलहाल उनके बेटे ओसामा शहाब राजद विधायक हैं, जिससे उनका राजनीतिक आधार अब भी मजबूत माना जाता है.

बिहार में पांच राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होने हैं. संख्या के हिसाब से सत्तारूढ़ गठबंधन मजबूत है, जबकि विपक्ष एक सीट जीतने की रणनीति बना रहा है. ऐसे में उम्मीदवार चयन और समर्थन का गणित ही तय करेगा कि विपक्ष अपनी मौजूदगी दर्ज करा पाता है या नहीं.

Also Read: एनडीए में राज्यसभा सीट शेयरिंग की हलचल, जीतन राम मांझी ने याद दिलाया पुराना वादा, बोले– इंतजार करेंगे

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन