पूर्णिया विवि में स्नातक में होगी बड़े पैमाने पर सीट वृद्धि

नये प्रखंड डिग्री कॉलेज और संबंधन विस्तार से बनी उम्मीद
– नये प्रखंड डिग्री कॉलेज और संबंधन विस्तार से बनी उम्मीद पूर्णिया. पूर्णिया विवि में इस साल स्नातक में बड़े पैमाने पर सीटों की वृद्धि होगी. साथ ही अपने घरों के समीप के कॉलेजों में दाखिला की संभावना भी बढ़ेगी. दरअसल, राज्य सरकार ने उन सभी प्रखंडों में जुलाई सत्र से डिग्री कॉलेज शुरू करने का संकल्प लिया है जहां कोई सरकारी डिग्री कॉलेज नहीं हैं. इन प्रखंडों में रूपौली, बीकोठी, भवानीपुर, केनगर, श्रीनगर, जलालगढ़, डगरुआ, अमौर और बैसा शामिल हो सकते हैं. एक साथ इतने कॉलेज की मंजूरी मिलने पर स्वाभाविक रूप से स्नातक में सीटों में खासा इजाफा होगा. इससे पहले सरकार ने बायसी और धमदाहा में सरकारी अनुमंडल डिग्री महाविद्यालय की स्थापना की थी जो पूर्णिया विवि की अंगीभूत इकाइ के रूप में संचालित है. संभावना है कि नये प्रखंड डिग्री कॉलेजों के अस्तित्व में आने के बाद इन्हें भी पूर्णिया विवि की ओर से अंगीभूत इकाइ का दर्जा देते हुए इन कॉलेजों में पठनपाठन की व्यवस्था सुनिश्चित करायी जायेगी. इधर, कुलपति प्रो. विवेकानंद सिंह की पहल पर पूर्णिया विवि ने संबद्ध डिग्री कॉलेजों की संख्या भी बढ़ायी है. स्थायी संबंधन और संबंधन विस्तार की दिशा में भी पहल की गयी है. इसके मद्देनजर भी सीट बढ़ने की स्थिति बन रही है. बड़े पैमाने पर सीट वृद्धि होने से कोसी-सीमांचल के छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत मिलेगी. साथ ही ड्राप आउट में भी गिरावट आयेगी. गौरतलब है कि पूर्णिया विवि में दाखिले को 75 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं आवेदन करते हैं. इनमें से 40 फीसदी छात्र-छात्राएं मेरिट लिस्ट में छंट जाते हैं. सीट में अत्यधिक वृद्धि इस प्रकार से नामांकन में छात्रों के अवसर बढ़ायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




