इलाज के दौरान रूपौली पुलिस अंचल निरीक्षक हरिशंकर मिश्रा का निधन, पुलिस महकमे में शोक
रूपौली थाना परिसर में दिवंगत पुलिस अंचल निरीक्षक हरिशंकर मिश्रा को श्रद्धांजलि अर्पित करते पुलिस अधिकारी एवं जवान
Rupauli Inspector Death: रूपौली पुलिस अंचल निरीक्षक हरिशंकर मिश्रा का पटना में इलाज के दौरान निधन हो गया. रूपौली थाना परिसर में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.
रूपौली से विजय सिंह की रिपोर्ट:
Rupauli Inspector Death: रूपौली पुलिस अंचल निरीक्षक हरिशंकर मिश्रा का सोमवार देर रात इलाज के दौरान निधन हो गया. उनके निधन की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई. मंगलवार को रूपौली थाना परिसर में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.
पटना के निजी अस्पताल में ली अंतिम सांस
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 11:30 बजे पटना के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान हरिशंकर मिश्रा ने अंतिम सांस ली. उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए वहां भर्ती कराया गया था, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका.
छत से गिरने के बाद हुए थे गंभीर घायल
बताया जाता है कि 26 जून की रात बिरौली बाजार स्थित अपने आवास की छत से गिरने के कारण हरिशंकर मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए थे. अगले दिन सुबह मकान मालिक की नजर उन पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. उन्हें तत्काल रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद पूर्णिया रेफर किया गया. बाद में बेहतर इलाज के लिए पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
पुलिसकर्मियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
उनके निधन की सूचना मिलते ही रूपौली थाना परिसर में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. हरिशंकर मिश्रा के निधन से पुलिस विभाग के अधिकारियों, कर्मियों तथा क्षेत्र के लोगों में गहरा शोक व्याप्त है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए