चलती ट्रेन से उतरते समय फिसली महिला, रेलकर्मियों और यात्रियों की सूझबूझ से बची जान

महिला को एम्बुलेंस से अस्पताल भेजते रेलकर्मी | Prabhat Khabar Network
पूर्णिया जंक्शन पर एक यात्री की सूझबूझ ने बड़ा हादसा टाल दिया. चलती ट्रेन से उतरते समय एक महिला ट्रेन के नीचे गिर गई, लेकिन तुरंत की गई कार्रवाई से उसकी जान बच गई. घटना का पूरा विवरण पढ़ें.
Purnia Junction Incident: पूर्णिया. पूर्णिया जंक्शन रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह रेलकर्मियों और यात्रियों की सतर्कता से एक महिला यात्री की जान बच गई. कटिहार-सिलीगुड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस के प्रस्थान के दौरान लगभग 50 वर्षीय महिला ट्रेन से उतरते समय प्लेटफॉर्म पर फिसल गई और ट्रेन के नीचे चली गई. घटना के बाद तत्काल आपात कार्रवाई करते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
ट्रेन खुलने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार मंगलवार 28 जुलाई की सुबह करीब 7:15 बजे कटिहार-सिलीगुड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस पूर्णिया जंक्शन पहुंची थी. ट्रेन खुलने के समय लगभग 50 वर्षीय महिला यात्री उतरने का प्रयास कर रही थी. इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच गिर गयी.
चेन पुलिंग और प्रेशर ड्रॉप से रुकी ट्रेन
घटना होते ही एक यात्री ने तत्काल चेन पुलिंग की. वहीं ट्रेन मैनेजर ने प्रेशर ड्रॉप कर ट्रेन को तुरंत रुकवा दिया. ट्रेन रुकने के बाद मौके पर मौजूद रेलकर्मियों ने तेजी से राहत कार्य शुरू किया.
रेलकर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला
ऑन ड्यूटी स्टेशन मास्टर ललन कुमार, प्वाइंट्समैन अजीत कुमार, मो. नईमुद्दीन, सफाई सुपरवाइजर सूरज कुमार तथा स्टेशन अधीक्षक रविंद्र कुमार ने संयुक्त प्रयास से महिला को सुरक्षित ट्रेन के नीचे से बाहर निकाला. घटना के बाद रेलवे चिकित्सक और 102 एंबुलेंस को तत्काल सूचना दी गयी.
प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसीएच रेफर
महिला को पहले पूर्णिया जंक्शन पर प्राथमिक उपचार दिया गया. इसके बाद बेहतर इलाज के लिए 102 एंबुलेंस से पूर्णिया जीएमसीएच भेजा गया. रेलवे अधिकारियों के अनुसार समय पर राहत कार्य होने से महिला की जान बच गयी.
कुछ देर विलंब से रवाना हुई ट्रेन
Purnia Junction Incident: स्टेशन प्रबंधक मुन्ना कुमार ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद कटिहार-सिलीगुड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस का परिचालन सुबह 7:21 बजे कराया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अखिलेश चंद्रा
अखिलेश चंद्रा प्रिंट माध्यम में 30 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










