पूर्णिया में ठंडी बयार से खिली धूप: मौसम विभाग ने 24 को येलो तो 25 सितंबर के लिए जारी किया 'ऑरेंज अलर्ट'
मौसम | Prabhat Khabar Network
पूर्णिया में 24-25 सितंबर को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट. मौसम वैज्ञानिकों की सलाह, 'धोने-सुखाने का काम आज ही निपटाएं'. वज्रपात से बचने के उपाय जानें.
सीमांचल के प्रमुख जिले पूर्णिया में इन दिनों ठंडी बयार और बहती पुरवैया हवाओं के बीच सूरज और बादलों की लुकाछिपी का दौर जारी है.
बीती शाम मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे दिनभर की तीखी धूप और उमस भरी तपिश पलक झपकत ही छूमंतर हो गई. शाम को चली नम हवाओं के बाद से ही समूचे जिले का मौसम सुहावना और खुशनुमा बना हुआ है. बुधवार सुबह से आसमान में खिली धूप जरूर दिखाई दे रही है, लेकिन लगातार बह रहे ठंडी हवाओं के झोंकों ने गर्मी के तेवर पूरी तरह ढीले कर दिए हैं.
आज राहत, लेकिन 24 और 25 सितंबर को भारी बारिश का साया
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पूर्णिया जिले के लिए बुधवार को किसी प्रकार की बड़ी चेतावनी (अलर्ट) जारी नहीं की गई है. हालांकि, सीमांचल और कोसी के नजदीकी सीमावर्ती जिलों में बुधवार से ही बादलों की गरज और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट प्रभावी है.
असली बदलाव गुरुवार से देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने पूर्णिया के लिए 24 सितंबर को येलो अलर्ट तथा 25 सितंबर के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया है. बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से जिले के अधिकांश हिस्सों में तेज मेघगर्जन के साथ मूसलाधार बारिश होने की प्रबल संभावना है.
'धोने-सुखाने का काम आज ही निपटाएं': मौसम जानकारों की सलाह
मौसम के रुख में आने वाले इस बड़े बदलाव को देखते हुए कृषि और मौसम वैज्ञानिकों ने आम नागरिकों के लिए विशेष परामर्श जारी किया है.
जानकारों की सलाह है कि कपड़े धोने, सुखाने, अनाज की सुखाई और खुले में रखे जाने वाले जरूरी घरेलू कार्यों को बुधवार को ही पूरा कर लें. गुरुवार और शुक्रवार को मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा और लगातार झमाझम बारिश का दौर शुरू हो सकता है.
घर से बाहर निकलने वाले रखें पूरी तैयारी, वज्रपात से बचें
मौसम वैज्ञानिकों ने आम जनता को सतर्क करते हुए कहा है कि जिन्हें 24 और 25 सितंबर को आवश्यक कार्यों से बाहर निकलना है, वे रेनकोट, छाता और बारिश से बचाव के पुख्ता इंतजाम करके ही अपने घरों से निकलें.
ऑरेंज अलर्ट की अवधि के दौरान आकाशीय बिजली (ठनका) गिरने का खतरा भी बना रहता है. ऐसे में आंधी-बारिश और बादलों की तेज गड़गड़ाहट के समय खुले खेतों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे शरण न लेने तथा पक्के मकानों में सुरक्षित रहने की अपील की गई है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए