पूर्णिया विश्वविद्यालय की बड़ी कार्रवाई, परीक्षा में गड़बड़ी पर 3 टैबुलेटर निलंबित, पूर्व परीक्षा नियंत्रक का हुआ डिमोशन
पूर्णिया विश्वविद्यालय | Prabhat Khabar Network
Purnia University Tabulators Suspended: पूर्णिया विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग में हुई गंभीर गड़बड़ियों पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है. तीन टैबुलेटरों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि पूर्व परीक्षा नियंत्रक प्रो. ए.के. पांडेय का डिमोशन कर ट्रांसफर कर दिया गया है. यह कार्रवाई कुलपति के संज्ञान के बाद गठित जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर हुई है.
पूर्णिया से अभिषेक भास्कर की रिपोर्ट
Purnia University Tabulators Suspended: पूर्णिया विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग में पूर्व में हुई गंभीर गड़बड़ियों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है. विश्वविद्यालय ने मामले में संलिप्त तीन टैबुलेटर को तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया है. वहीं, पूर्व परीक्षा नियंत्रक प्रो. ए.के. पांडेय पर गाज गिराते हुए उनका डिमोशन (Demotion) कर दिया गया है.
पूर्व परीक्षा नियंत्रक का ट्रांसफर और डिमोशन
मिली जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय प्रशासन ने पूर्व परीक्षा नियंत्रक प्रो. ए.के. पांडेय को निलंबन मुक्त करते हुए उनका डिमोशन कर दिया है. इसके साथ ही उनका स्थानांतरण मारवाड़ी कॉलेज में कर दिया गया है. उल्लेखनीय है कि निलंबन की अवधि के दौरान भी वे इसी कॉलेज से संबद्ध (Attached) रहे थे.
इस संबंध में प्रो. ए.के. पांडेय ने स्वयं पुष्टि करते हुए बताया कि विवि प्रशासन ने उन्हें निलंबन से मुक्त कर दिया है. वहीं, विश्वविद्यालय के मीडिया पदाधिकारी प्रो. संतोष कुमार सिंह ने कहा कि कार्रवाई से जुड़े विस्तृत और तकनीकी ब्योरे कार्यालय अवधि के दौरान ही साझा किए जा सकेंगे.
Purnia University Tabulators Suspended: कुलपति के संज्ञान के बाद बैठी थी जांच
गौरतलब है कि जनवरी 2025 में कुलपति के रूप में योगदान देने के बाद प्रो. विवेकानंद सिंह ने परीक्षा विभाग में व्याप्त अनियमितताओं और गड़बड़ियों का कड़ा संज्ञान लिया था. उनके निर्देश पर एक उच्चस्तरीय जांच कमेटी का गठन किया गया था.
जांच रिपोर्ट के आधार पर हाल ही में विभागीय कार्यवाही (Departmental Proceeding) के तहत तीनों टैबुलेटरों को तलब कर उनसे जवाब-तलब किया गया था, जिसके बाद यह कड़ी कार्रवाई की गई है. इस कार्रवाई से विश्वविद्यालय कर्मियों और परीक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए