थाना चौक पर तेज रफ्तार स्कार्पियो का कहर, बैंक कर्मी समेत तीन को रौंदा, एक की हालत गंभीर

Updated:
विज्ञापन

थाना चौक हादसे के बाद घायल बैंक कर्मी को अस्पताल पहुंचाने में जुटी पुलिस टीम.

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Purnia Road Accident: पूर्णिया के थाना चौक पर तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बैंक कर्मी समेत तीन लोगों को रौंदा. एक की हालत गंभीर, चालक वाहन सहित फरार.

विज्ञापन

पूर्णिया से विकास वर्मा की रिपोर्ट

Purnia Road Accident: शहर के व्यस्त थाना चौक के समीप गुरुवार को एक तेज रफ्तार बेकाबू स्कार्पियो ने बैंक कर्मी समेत तीन लोगों को टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि तीनों घायल सड़क पर दूर जा गिरे. दुर्घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कार्पियो तेज गति से मधुबनी बाजार की ओर जा रही थी. इसी दौरान थाना चौक के पास उसने तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर लगते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग घायलों की मदद के लिए दौड़ पड़े.

विज्ञापन

बैंक कर्मी की हालत नाजुक, हायर सेंटर रेफर

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को तत्काल राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच) पूर्णिया भेजा गया.

घायलों में नवरतन हाता निवासी रवि कुमार शामिल हैं, जो केनगर स्थित केनरा बैंक में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं. डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है.

वहीं अन्य घायलों की पहचान मधुबनी निवासी अहमद अली और थाना चौक निवासी राहुल कुमार के रूप में हुई है. दोनों का इलाज जीएमसीएच में चल रहा है.

ड्यूटी और दुकान जाने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार रवि कुमार प्रतिदिन की तरह थाना चौक से ऑटो पकड़कर केनगर स्थित बैंक जाने के लिए निकले थे. वहीं अहमद अली बाइक से गुलाबबाग स्थित अपने कार्यस्थल जा रहे थे, जबकि राहुल कुमार सड़क किनारे स्थित दुकान की ओर जा रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार स्कार्पियो ने तीनों को टक्कर मार दी.

पुलिसकर्मी ने दिखाई मानवता

हादसे के दौरान पुलिस का मानवीय चेहरा भी सामने आया. सूचना मिलने पर पहुंची डायल-112 टीम के जवान जयनंदन यादव ने गंभीर रूप से घायल बैंक कर्मी को अपने हाथों से सहारा देकर एंबुलेंस तक पहुंचाया और समय पर अस्पताल भेजने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद स्थानीय थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. थाना चौक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार स्कार्पियो और उसके चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन