बांसुरी की तान और 1008 व्यंजनों का महाभोग! पूर्णिया जिला स्कूल मैदान में पहली बार दिखा कृष्ण जन्मोत्सव का ऐसा भव्य नजारा
फोटो. महोत्सव में प्रस्तुति देते विदेशी भक्त | Prabhat Khabar Network
पूर्णिया जिला स्कूल मैदान में पहली बार इस्कॉन द्वारा आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में भक्तों का अपार जनसमूह उमड़ा. विदेशी भक्तों के हरिनाम संकीर्तन और 1008 व्यंजनों के महाभोग ने समां बांध दिया. मध्य रात्रि में कृष्ण जन्म का अद्भुत उत्सव मनाया गया.
पूर्णिया. श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार की मध्य रात्रि पूर्णिया भक्ति और आनंद में डूबा नजर आया. इस्कॉन सेंटर की ओर से जिला स्कूल परिसर में पहली बार आयोजित भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में देश-विदेश से पहुंचे भक्तों ने भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति की अद्भुत छटा बिखेरी. देर रात तक चले आयोजन में विदेशी भक्तों के हरिनाम संकीर्तन और रॉक कीर्तन ने श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया. जैसे-जैसे मध्य रात्रि नजदीक आती गयी, पूरा परिसर कृष्ण भक्ति के रंग में रंगता गया.
आपके शहर में
विदेशी भक्तों के रॉक कीर्तन ने बांधा समां
महोत्सव की खास बात विदेशी भक्तों द्वारा प्रस्तुत भजन और हरिनाम संकीर्तन रहा. देसी और विदेशी भक्तों ने मिलकर विशेष रॉक कीर्तन एवं भजन संध्या की प्रस्तुति दी. भक्ति संगीत की धुन पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे. आयोजन स्थल पर हरिनाम संकीर्तन की गूंज से माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा.
कृष्ण की लीलाओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम ने मोहा मन
महोत्सव के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए. कलाकारों और भक्तों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया. परिवार के साथ पहुंचे लोगों ने पूरे आयोजन का आनंद लिया और देर रात तक कार्यक्रम में मौजूद रहे.
मध्य रात्रि में गूंजा नंद के घर आनंद भयो
जैसे-जैसे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का समय नजदीक आता गया, श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ता गया. मध्य रात्रि में ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष और हरिनाम संकीर्तन से जिला स्कूल परिसर गूंज उठा. श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन नजर आए.
1008 व्यंजनों का महाभोग, विधि-विधान से हुई महाआरती
मध्य रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के अवसर पर भव्य महाअभिषेक किया गया. इसके बाद भगवान को 1008 प्रकार के व्यंजनों का महाभोग अर्पित किया गया. विधि-विधान से महाआरती संपन्न हुई. इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु सपरिवार कार्यक्रम में शामिल हुए और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के साक्षी बने.
हरिनाम संकीर्तन से भक्तिमय हुआ जिला स्कूल परिसर
आयोजन के दौरान इस्कॉन के भक्तों ने लगातार हरिनाम संकीर्तन प्रस्तुत किया. भक्ति संगीत और संकीर्तन से जिला स्कूल परिसर के साथ आसपास का वातावरण भी कृष्ण भक्ति में डूबा रहा. श्रद्धालु भजनों पर झूमते और भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन दिखाई दिए.
पहली बार इतने बड़े स्तर पर हुआ आयोजन
बताया गया कि पूर्णिया में इस्कॉन की ओर से पहली बार इतने बड़े स्तर पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया गया. आयोजन को लेकर शहरवासियों में पहले से ही खासा उत्साह था. व्यापारी, चिकित्सक, शिक्षक, छात्र-छात्राएं समेत विभिन्न वर्गों के श्रद्धालुओं ने महोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. देश-विदेश से आए भक्तों की मौजूदगी ने आयोजन को और खास बना दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए