भाई को राखी बांधने जाना है? रक्षाबंधन पर पूर्णिया में महिलाओं के लिए दो दिन बस यात्रा मुफ्त, जानें कौन सी बस रहेगी सेवा में
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की बस | Prabhat Khabar Network
रक्षाबंधन के अवसर पर बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने महिलाओं के लिए 27 और 28 अगस्त को बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी है। पूर्णिया में सभी रूटों पर यह लागू है।
पूर्णिया : रक्षाबंधन के अवसर पर बिहार सरकार और बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने महिलाओं एवं छात्राओं को खास सौगात दी है. 27 और 28 अगस्त को निगम की बसों में महिलाओं और छात्राओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी. यह सुविधा पूर्णिया सहित पूरे बिहार में निगम द्वारा संचालित बसों में लागू रहेगी.
आपके शहर में
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के पूर्णिया क्षेत्रीय प्रबंधक अजिताभ आनंद ने बताया कि 27 अगस्त की सुबह से 28 अगस्त की रात तक महिलाओं एवं छात्राओं को किसी भी रूट पर यात्रा के लिए किराया नहीं देना होगा. पूर्णिया से संचालित होने वाली पिंक बस समेत निगम की सभी बस सेवाओं में यह सुविधा उपलब्ध रहेगी.
सभी श्रेणी की बसों में मिलेगी सुविधा
रक्षाबंधन के दौरान महिलाओं को यह सुविधा साधारण बस, डीलक्स बस, पिंक बस सेवा सहित बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की सभी श्रेणियों की बसों में मिलेगी. यानी महिलाएं और छात्राएं निर्धारित अवधि में निगम की बसों से बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगी.
सरकार की इस पहल का उद्देश्य बहनों को रक्षाबंधन पर अपने भाइयों के घर आने-जाने में आर्थिक राहत देना और सुरक्षित यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराना है. इससे खासकर दूर-दराज के क्षेत्रों से आने-जाने वाली महिलाओं को फायदा मिलने की उम्मीद है.
सुचारू परिचालन और सुरक्षा पर जोर
त्योहार के दौरान बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए परिवहन निगम ने परिचालन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए हैं. पूर्णिया क्षेत्रीय प्रबंधन की ओर से बसों में सुरक्षा व्यवस्था और सुचारू परिचालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि महिलाओं को यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए