जलालगढ़ स्टेशन पर भड़के DRM: 8 महीने से लटके काम पर अधिकारी-ठेकेदार को लगाई फटकार, बोले- होगी सख्त कार्रवाई
फोटो- डीआरएम रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते हुए | Prabhat Khabar Network
कटिहार DRM किरेंद्र नरह ने जलालगढ़ रेलवे स्टेशन पर निर्माणाधीन चौथे यार्ड के कार्य में विलंब पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है. आठ महीने से प्रगति न होने और गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों और संवेदक को कड़ी फटकार लगाई है.
पूर्णिया. जलालगढ़. कटिहार-जोगबनी रेलखंड स्थित जलालगढ़ रेलवे स्टेशन पर निर्माणाधीन चौथे यार्ड के कार्य में विलंब को लेकर कटिहार रेलवे मंडल के डीआरएम किरेंद्र नरह ने संबंधित अधिकारी और संवेदक को कड़ी फटकार लगाई. बुधवार शाम डीआरएम का स्पेशल ट्रेन जलालगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचा. उत्तरी भाग के अंतिम प्वाइंट पर ट्रेन रुकने के बाद डीआरएम निर्माणाधीन चौथे यार्ड का निरीक्षण करने पहुंचे.
आपके शहर में
आठ महीने से कार्य की प्रगति नहीं होने पर जताई नाराजगी
यार्ड के निरीक्षण के दौरान कार्य की धीमी रफ्तार और गुणवत्ता को लेकर डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों और संवेदक से नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि करीब आठ महीने से कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं है. जिस गुणवत्ता और रफ्तार से कार्य होना चाहिए, दोनों ही स्थिति असंतोषजनक पाई गई है. उन्होंने अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
शिवाजी कॉलोनी के रास्ते में बड़े गड्ढे देख भड़के डीआरएम
डीआरएम ने यार्ड से सटे शिवाजी कॉलोनी जलालगढ़ की ओर जाने वाले रास्ते के निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया. वहां बड़े-बड़े गड्ढे देखकर उन्होंने नाराजगी जताई. उन्होंने निर्देश दिया कि बारिश के दौरान रास्ते का कटाव नहीं हो, इसके लिए आरसीसी के माध्यम से सड़क का निर्माण कराया जाए.
जर्जर शेड को नया बनाने का दिया भरोसा
रेलवे यार्ड के प्लेटफार्म स्थित रैक प्वाइंट पर बनी जर्जर शेड की समस्या से रैक सदस्यों ने डीआरएम को अवगत कराया. निरीक्षण के दौरान स्थिति देखने के बाद डीआरएम ने रैक सदस्य अमित विश्वास को आश्वस्त किया कि शेड का नया निर्माण कराया जाएगा.

लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
डीआरएम ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर चल रही कार्ययोजनाओं की जांच में विलंब हुआ है. यदि इसके लिए संबंधित विभाग दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने स्टेशन की अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया. प्लेटफार्म पर पानी के बहाव और शौचालय में गंदगी को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताई और व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए.
अधिकारी और स्टेशन अधीक्षक रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान रेलवे के अन्य वरीय अधिकारी सहित जलालगढ़ रेलवे स्टेशन अधीक्षक प्रकाश यादव और अन्य कर्मी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए