पूर्णिया में कृत्रिम अंग लगते ही दिव्यांगों के चेहरे पर लौटी मुस्कान, 78 जरूरतमंदों को मिली नई उम्मीद
फोटो.दिव्यांग को कृत्रिम अंग प्रत्यारोपित करती महापौर | Prabhat Khabar Network
मारवाड़ी युवा मंच द्वारा आयोजित तीन दिवसीय कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर में 78 दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग और अन्य सहायक उपकरण मिले. इस सेवा कार्य से जरूरतमंदों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास लौटा.
पूर्णिया. मारवाड़ी युवा मंच की ओर से गुलाबबाग पाट व्यवसायी भवन में आयोजित तीन दिवसीय कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर का रविवार को वितरण सह समापन समारोह के साथ समापन हुआ. 4 से 6 सितंबर तक चले शिविर में जिले के अलग-अलग इलाकों से पहुंचे दिव्यांगजन पहले मायूस चेहरे के साथ पहुंचे, लेकिन कृत्रिम अंग और अन्य सहायक उपकरण मिलने के बाद उनके चेहरे पर मुस्कान लौट आयी. शिविर के दौरान जरूरतमंदों का निबंधन, मापी और कृत्रिम अंग निर्माण की प्रक्रिया पूरी की गयी.
आपके शहर में
78 दिव्यांगों को कृत्रिम अंग, अन्य को श्रवण यंत्र और बैसाखी
शिविर के अंतिम दिन आयोजित कार्यक्रम में करीब 78 जरूरतमंद दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग प्रदान किये गये. इसके अलावा कई अन्य जरूरतमंदों के बीच श्रवण यंत्र, बैसाखी और अन्य आवश्यक संसाधनों का वितरण किया गया. कृत्रिम अंग मिलने के बाद लाभुकों ने मारवाड़ी युवा मंच के सदस्यों और विशेषज्ञ टीम के प्रति आभार जताया.
रांची से पहुंची विशेषज्ञों की टीम
अखिल भारतीय स्तर पर चलाये जा रहे मारवाड़ी युवा मंच के कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण अभियान के तहत रांची से विशेषज्ञों की टीम पूर्णिया पहुंची थी. टीम ने शिविर में पहुंचे दिव्यांगजनों की जरूरत के अनुसार मापी और कृत्रिम अंग तैयार करने का कार्य किया. तीन दिनों तक चली प्रक्रिया के बाद जरूरतमंदों को कृत्रिम अंग और अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराये गये.
महापौर ने अपने हाथों से पहनाये कृत्रिम अंग
वितरण सह समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्णिया की महापौर विभा कुमारी शामिल हुईं. उन्होंने मंच के सेवा कार्य की सराहना करते हुए दिव्यांगजनों को अपने हाथों से कृत्रिम अंग पहनाकर वितरण कार्यक्रम की शुरुआत की. उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन दिव्यांगजनों के जीवन में नई उम्मीद, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का संचार करते हैं.
सेवा और समर्पण का उदाहरण है आयोजन: विभा कुमारी
महापौर विभा कुमारी ने कहा कि यह आयोजन सेवा और समर्पण का अद्भुत उदाहरण है. युवा शक्ति सेवा और संस्कार के साथ आगे बढ़े तो समाज की कई समस्याओं को दूर किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान केवल एक उपकरण मिलने की बात नहीं है, बल्कि यह उनके जीवन में बड़े बदलाव की शुरुआत है. उन्होंने मंच के सदस्यों के प्रयास की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया.
विधायक विजय खेमका ने बांटे श्रवण यंत्र
कार्यक्रम में विधायक विजय खेमका भी पहुंचे. उन्होंने शिविर में आये दिव्यांगजनों से अलग-अलग बातचीत कर उनके अनुभव जाने. कई लाभुकों ने बताया कि शिविर से उन्हें नई उम्मीद मिली है. इसके बाद विधायक ने अपने हाथों से जरूरतमंदों के बीच श्रवण यंत्रों का वितरण किया.
दिव्यांगों को आत्मनिर्भरता की राह दिखा रहा मंच: खेमका
विधायक विजय खेमका ने कहा कि मारवाड़ी युवा मंच मुफ्त कृत्रिम अंग उपलब्ध कराकर जीवन से निराश हो चुके दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भरता की राह दिखा रहा है. उन्होंने अभियान को मानवता की सेवा का उदाहरण बताते हुए मंच के प्रयासों की सराहना की. विधायक ने इस तरह के सेवा कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने की जरूरत बतायी.
अतिथियों का किया गया स्वागत
इससे पहले मंच के अध्यक्ष स्नेह डोकानिया ने आगत अतिथियों का स्वागत किया. कार्यक्रम का संचालन पूर्व अध्यक्ष रुपेश डूंगरवाल ने किया, जबकि सचिव आकाश शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया. मौके पर आयकर अधिवक्ता डालचंद संचेती, संजय संचेती, मनोज पुगलिया, लक्ष्मण बजाज समेत मंच के पदाधिकारी, सहयोगदाता, गुलाबबाग की विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि और भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के सदस्य मौजूद रहे.
मंच के सदस्यों ने निभायी महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम में शाखा अध्यक्ष स्नेह डोकानिया, सचिव आकाश शर्मा, कोषाध्यक्ष रवि केडिया, मीडिया प्रभारी हर्ष सिंघानिया, पंकज खंडेलवाल, आदित्य मुंद्रा, संकेत अग्रवाल, आयुष माडीवाल, संदीप लोहिया, आनंद राठी, गोविंद लोहिया, पूर्व अध्यक्ष रुपेश डूंगरवाल, मुकेश सिंधी, जित्तू अग्रवाल, कुलदीप अग्रवाल, विजय बांका, नितिन अग्रवाल, प्रकाश केडिया और सुमित लोहिया समेत अन्य सदस्य मौजूद थे.
Also Read : बाढ़ के बीच दानापुर दियारा में जंगली सुअर का आतंक, महिला समेत दो पर हमला, ग्रामीणों ने घेरकर मार डाला
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए