दुबई में फंसे पूर्णिया-किशनगंज के सात युवकों की सुरक्षित वापसी की गुहार, पप्पू यादव ने विदेश मंत्रालय को लिखा पत्र

Updated:
विज्ञापन

पप्पू यादव, सांसद | Prabhat Khabar Network

दुबई में फंसे पूर्णिया और किशनगंज के सात युवकों की सुरक्षित वापसी के लिए सांसद पप्पू यादव ने विदेश मंत्रालय से तत्काल हस्तक्षेप की गुहार लगाई है।

विज्ञापन

पूर्णिया : रोजगार की तलाश में दुबई गये पूर्णिया और किशनगंज जिले के सात युवक कथित तौर पर फर्जी एजेंटों के चंगुल में फंस गये हैं. कई दिनों से संकटपूर्ण परिस्थितियों में रह रहे युवकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने विदेश मंत्रालय को पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है.

आपके शहर में

विज्ञापन

सांसद ने पत्र में कहा है कि उनके संसदीय क्षेत्र पूर्णिया के तीन और निकटवर्ती किशनगंज जिले के चार युवकों को रोजगार दिलाने के नाम पर कथित फर्जी एजेंटों के माध्यम से दुबई भेजा गया. वहां पहुंचने के बाद से ही युवकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. परिजनों के अनुसार युवकों को पर्याप्त भोजन और पानी तक नहीं मिल पा रहा है.

एजेंटों पर पासपोर्ट रखने का आरोप

पत्र के अनुसार, एजेंटों ने काम दिलाने के नाम पर युवकों के पासपोर्ट अपने पास रख लिये हैं. इसके अलावा उनके कार्यस्थल और शहर में भी मनमाने तरीके से बदलाव किया जा रहा है. इससे युवक खुद को असहाय और असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.

बताया गया कि रौटा गांव निवासी एक एजेंट समेत अन्य दलालों ने सामाजिक माध्यम के जरिये संपर्क कर युवकों को दुबई भेजा था. सांसद ने कहा कि पीड़ित युवकों के परिजन लगातार उनकी सुरक्षित वापसी के लिए प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है.

भारतीय दूतावास से हस्तक्षेप की मांग

पप्पू यादव ने विदेश मंत्रालय से संयुक्त अरब अमीरात स्थित भारतीय दूतावास के माध्यम से युवकों से तत्काल संपर्क स्थापित करने की मांग की है. उन्होंने युवकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और भोजन-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के साथ उनके पासपोर्ट वापस दिलाने की मांग की.

सांसद ने यूएई सरकार और स्थानीय प्रशासन के समन्वय से सभी सात युवकों की जल्द सुरक्षित स्वदेश वापसी कराने का भी अनुरोध किया है.

फर्जी एजेंटों पर कार्रवाई की मांग

सांसद ने रोजगार का झांसा देकर युवकों को विदेश भेजने वाले रौटा गांव निवासी एजेंट सहित सभी संलिप्त एजेंटों और दलालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है. साथ ही पूर्णिया और किशनगंज क्षेत्र में सक्रिय अन्य फर्जी विदेश रोजगार एजेंटों और यात्रा एजेंसियों की जांच कराने की मांग भी की गयी है.

उन्होंने पीड़ित परिवारों को आवश्यक सहायता देने, युवकों की स्थिति की नियमित जानकारी उपलब्ध कराने और विदेश में रोजगार की तलाश करने वाले युवाओं की सुरक्षा के लिए पूर्णिया-किशनगंज क्षेत्र में समर्पित हेल्पलाइन या नोडल अधिकारी नियुक्त करने की मांग की. सांसद ने फर्जी एजेंटों से बचाव के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया है.

यह भी पढ़ें :सीमांचल में पहली बार कसबा में लगेगा राज्य महिला आयोग का जनता दरबार


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन