सड़क हादसे में मृत तीन लोगों के परिजनों को मंत्री लेशी सिंह ने सौंपा 12 लाख रुपये का अनुग्रह चेक
चेक देती मंत्री लेसी सिंह.
धमदाहा प्रखंड में सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की दुखद मौत के बाद बिहार की भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की. उन्होंने 12 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि का चेक सौंपा और सरकार की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया.
पूर्णिया. धमदाहा प्रखंड के दमैली पंचायत अंतर्गत कदम टोला में हाल ही में हुई सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत के बाद बिहार सरकार की भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने बुधवार को शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की. इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार की ओर से प्रति मृतक चार लाख रुपये की दर से कुल 12 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि का सांकेतिक चेक परिजनों को सौंपा.
आपके शहर में
ज्ञात हो कि सड़क दुर्घटना में होपन मरांडी, उनके पुत्र जीतराज मरांडी और प्रितराज मरांडी की असामयिक मौत हो गयी थी. इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है.
सरकार दुख की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ
मंत्री लेशी सिंह ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि अपनों को खोने की पीड़ा की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ खड़ी है. उन्होंने कहा कि सरकार हर आपदा और दुख की घड़ी में प्रभावित परिवारों को समयबद्ध राहत और सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है.
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवार को सरकार की सभी पात्र कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए. साथ ही परिवार की आवश्यकताओं पर लगातार निगरानी रखने और हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करने को भी कहा.
मंत्री ने दिवंगत होपन मरांडी, जीतराज मरांडी और प्रितराज मरांडी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए