सोशल मीडिया पर कट्टा लहराकर वीडियो बनाना पड़ा महंगा, युवक गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

आरोपी की वायरल तस्वीर

Illegal Weapon Viral Video: पूर्णिया के धमदाहा में सोशल मीडिया पर कट्टा लहराने का वीडियो वायरल करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत जेल भेजा.

विज्ञापन

पूर्णिया के धमदाहा से आशीष सिंह की रिपोर्ट:

Illegal Weapon Viral Video: सोशल मीडिया पर अवैध हथियार का प्रदर्शन कर वीडियो वायरल करना एक युवक को महंगा पड़ गया. धमदाहा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

वायरल वीडियो से हरकत में आई पुलिस

जानकारी के अनुसार शनिवार शाम धमदाहा थाना के सहायक अवर निरीक्षक राधेगोबिंद सिंह पुलिस बल के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे. इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि सौरकाही गांव का एक युवक हाथ में देशी कट्टा लेकर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा है.

सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए आरोपी के घर पर छापेमारी की.

पुलिस को देखकर भागने लगा युवक

पुलिस टीम के पहुंचते ही युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी शुरुआत में पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन बाद में उसने स्वीकार किया कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति वही है.

हालांकि वीडियो में प्रदर्शित हथियार के संबंध में वह कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका.

घर की तलाशी में नहीं मिला हथियार

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मौजूदगी में आरोपी के घर की तलाशी ली. तलाशी अभियान के दौरान कोई अवैध हथियार बरामद नहीं हुआ. इसके बावजूद वायरल वीडियो और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई की.

गिरफ्तार युवक की पहचान सौरकाही निवासी 22 वर्षीय सूरज मुखिया के रूप में हुई है.

आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला

धमदाहा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कांड संख्या 174/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धारा 25(9) के तहत कार्रवाई की है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन या कानून विरोधी गतिविधियों से जुड़े वीडियो साझा नहीं करने की अपील की है.

ALSO READ: पूर्णिया-कटिहार बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, रातभर चला वाहन जांच अभियान

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन