जीएमसीएच में इकोकार्डियोग्राफी शुरु, फिलहाल सप्ताह में एक दिन मिलेगी यह सुविधा

Published by : SATYENDRA SINHA Updated At : 13 Feb 2026 6:24 PM

विज्ञापन

फिलहाल सप्ताह में एक दिन मिलेगी यह सुविधा

विज्ञापन

पूर्णिया. राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में मरीजों के लिए अब हार्ट के जांच की सुविधा भी उपलब्ध हो गयी है. शुक्रवार को जीएमसीएच के ओपीडी में इकोकार्डियोग्राफी कक्ष का अधीक्षक डॉ संजय कुमार ने फीता काटकर विधिवत उदघाटन किया. उनके साथ डॉ दिनबंधु, डॉ प्रेम प्रकाश, डॉ महादेव मंडल, डॉ पंकज कुमार, डॉ कनिष्क कुणाल, संजय पटवा सहित अनेक लोग उपस्थित थे. इसकी स्थापना ओपीडी के द्वीतीय तल पर अवस्थित मेडिसिन विभाग के निकट की गयी है. इस मौके पर इलाज के लिए आये एक मरीज की इकोकार्डियोग्राफी जांच भी की गयी. जीएमसीएच अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने बताया कि आज से अस्पताल में मरीजों के लिए ह्रदय से सम्बंधित विशेष जांच इकोकार्डियोग्राफी सुविधा की शुरुआत कर दी गयी है. डॉ. कुमार ने यह भी बताया कि उपलब्ध संसाधनों के आधार पर फिलहाल यह सेवा सप्ताह में एक दिन उपलब्ध करायी जायेगी.

किन मरीजों को होगा लाभ

मिली जानकारी के अनुसार जीएमसीएच में इस जांच के शुरू हो जाने से मरीजों में हार्ट से सम्बंधित परेशानियों के बारे में आसानी से जानकारी मिल सकेगी. इकोकार्डियोग्राफी की मदद से मरीजों में हार्ट के क्रियाशील भागों, पम्प, वाल्व और मसल सहित दिल में छेद वाले मामलों की पहचान की जा सकेगी जिससे उनका आगे का इलाज आसान होगा. जबकि अस्पताल में विभिन्न मामलों में किये जाने वाले ऑपरेशन में मरीज के हार्ट की स्थिति का पता लगाते हुए उनका और भी सुरक्षित तरीके से ऑपरेशन संभव हो सकेगा साथ ही मरीजों को बेहतर सलाह दी जा सकेगी. हालांकि जीएमसीएच में ईसीजी की सुविधा पूर्व से ही उपलब्ध है लेकिन अब इकोकार्डियोग्राफी की सुविधा भी यहां उपलब्ध हो जाने से मरीज इस निःशुल्क सुविधा का लाभ आसानी से उठा सकेंगे. बताते चलें की इकोकार्डियोग्राफी के लिए मरीजों को अन्य निजी केन्द्रों पर 1500 सौ रूपये से लेकर 2200 सौ रूपये भुगतान करने पड़ते हैं.

बोले अधीक्षक

जीएमसीएच में इकोकार्डियोग्राफी सुविधा के लिए लम्बे समय से प्रयास किया जा रहा था. फिलहाल इस सुविधा को साप्ताहिक तौर पर उपलब्ध कराया जा रहा है. इससे मरीजों के दिल से सम्बंधित परेशानियों के बारे में जानकारी मिलेगी. मरीजों के लिए यह पूर्णतया निःशुल्क है. धीरे धीरे ही सही यहां सुविधाओं को बढाने की लगातार कोशिश की जा रही है.

डॉ. संजय कुमार, अधीक्षक जीएमसीएच

विज्ञापन
SATYENDRA SINHA

लेखक के बारे में

By SATYENDRA SINHA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन