सरकारी खरीद को लेकर DM का बड़ा निर्देश, अब सभी विभागों में GeM पोर्टल से ही होगी वस्तुओं और सेवाओं की खरीद
प्रशिक्षण सह कार्यशाला में मौजूद डीएम एवं अन्य पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
पूर्णिया जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने जिले के सभी सरकारी कार्यालयों के लिए वस्तुओं और सेवाओं की खरीद 'गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल' से अनिवार्य कर दी है. इस निर्देश का उद्देश्य सरकारी खरीद में पारदर्शिता लाना और वित्तीय नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना है.
पूर्णिया : सरकारी खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता और वित्तीय नियमों के पालन को लेकर पूर्णिया के जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने बड़ा निर्देश दिया है. उन्होंने जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में वस्तुओं और सेवाओं की खरीद गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल के माध्यम से अनिवार्य रूप से करने को कहा है.
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में GeM पोर्टल के उपयोग को लेकर एकदिवसीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया. इसमें जिले के सभी सरकारी कार्यालयों के आहरण एवं संवितरण पदाधिकारी (DDO) और खरीद प्रक्रिया से जुड़े वरीय अधिकारियों ने हिस्सा लिया.
सरकारी खरीद में पारदर्शिता पर जोर
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सरकारी खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता लाना, सभी विक्रेताओं को समान अवसर उपलब्ध कराना और वित्तीय नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करना रहा.
डीएम अंशुल कुमार ने कहा कि सभी सरकारी कार्यालयों में वस्तुओं एवं सेवाओं की खरीद अनिवार्य रूप से GeM पोर्टल के माध्यम से की जाए. इससे सरकारी धन की बचत के साथ खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी.
अधिकारियों को GeM पोर्टल की दी गयी तकनीकी जानकारी
कार्यशाला में वित्त विभाग, बिहार, पटना से पहुंचे GeM के उपनिदेशक आशुतोष कुमार और शिवांक ने अधिकारियों को पोर्टल के संचालन की जानकारी दी. इस दौरान DDO को GeM पर खरीद प्रक्रिया, पोर्टल के इस्तेमाल और उससे जुड़ी तकनीकी बारीकियों के बारे में बिंदुवार प्रशिक्षण दिया गया.
सत्र के अंत में अधिकारियों की शंकाओं के समाधान के लिए प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया. इसके साथ ही असेसमेंट सत्र के माध्यम से प्रशिक्षण में मिली जानकारी का आकलन किया गया.
ये अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त राजीव कुमार, सहायक समाहर्ता कुमुद मिश्रा, अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) राजकुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता (आपदा) सुजय कुमार, वरीय कोषागार पदाधिकारी देवेंद्र कुमार, सहायक कोषागार पदाधिकारी डॉ. संतोष कुमार, सुनील कुमार संत, मो. अबसार और सहायक जिला लेखा पदाधिकारी मो. मुनव्वर समेत जिले के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं DDO मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए