जहां सड़कें डूबीं, वहां नाव से पहुंचेगा इलाज, बाढ़ प्रभावित रुपौली में बोट एंबुलेंस शुरू
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में कार्यरत बोट एंबुलेंस | Prabhat Khabar Network
बाढ़ से प्रभावित रुपौली अंचल में लोगों को आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए जिला प्रशासन ने अनोखी पहल की है. अब बोट एंबुलेंस के जरिए जलमग्न इलाकों में भी तुरंत इलाज मिलेगा. यह सेवा जरूरी दवाओं और मेडिकल स्टाफ से लैस है.
पूर्णिया : बाढ़ प्रभावित रुपौली अंचल के जलमग्न इलाकों में रह रहे लोगों को आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने बोट एंबुलेंस सेवा शुरू की है. बाढ़ के कारण जिन इलाकों में आवागमन बाधित है, वहां नाव के जरिये मरीजों तक चिकित्सीय सहायता पहुंचाने में यह सेवा मददगार होगी.
जरूरी दवाओं और मेडिकल स्टाफ से लैस है बोट एंबुलेंस
जिला प्रशासन के अनुसार, बाढ़ के दौरान होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से निपटने के लिए बोट एंबुलेंस में जरूरी और जीवनरक्षक दवाएं उपलब्ध करायी गयी हैं. इसके साथ ही प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ और स्वास्थ्यकर्मियों की भी तैनाती की गयी है.
मेडिकल टीम मौके पर ही मरीजों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध करा सकेगी. बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अचानक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर लोगों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है.
गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों पर विशेष ध्यान
बोट एंबुलेंस के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर रूप से बीमार मरीजों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की विशेष व्यवस्था की गयी है. जरूरत पड़ने पर मरीजों को सुरक्षित तरीके से स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने में भी यह सेवा उपयोगी होगी.
बाढ़ की स्थिति पर प्रशासन की लगातार नजर
जिला प्रशासन की ओर से कहा गया है कि बाढ़ की स्थिति के बीच लोगों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है. प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता के अनुसार स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए