संवाद के जरिये महिलाओं से लिये जायेंगे उनके मंतव्य : डीएम

Edited by ARUN KUMAR
Updated:
विज्ञापन

बिहार सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन का सूत्रपात हुआ.

विज्ञापन

डीएम ने महिला संवाद रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

पूर्णिया. बिहार सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन का सूत्रपात हुआ. इसके तहत क्रियान्वित योजनाओं तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आये सकारात्मक बदलाव पर विस्तृत संवाद किये जाने एवं सरकार के स्तर पर योजनाओं के नीति निर्धारण में महिलाओं की आकांक्षाओं को बेहतर ढंग से समाहित करने के उद्देश्य से आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम जीविका के सभी महिला ग्राम संगठन स्तर पर 18 अप्रैल से किया जा रहा है जो 60 दिनों तक लगातार चलेगा. पूर्णिया के जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार ने समाहरणालय में महिला संवाद रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इससे पूर्व पटना में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महिला संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया एवं महिला संवाद रथ को हरी झंडी दिखायी. इस मौके पर पूर्णिया पूर्व के लालगंज पंचायत में गठित ज्ञानदीप जीविका महिला ग्राम संगठन में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस आयोजन में जिलाधिकारी पूर्णिया ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान एवं सशक्तिकरण के लिए अनेक प्रकार की योजनाएं चलायी जा रही हैं. इन योजनाओं से महिलाओं की स्थिति में काफी परिवर्तन हुआ है. ऐसे में सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए महिला संवाद का आयोजन किया जा रहा है. इसके अलावा महिलाओं से मंतव्य एवं उनकी आकांक्षाएं भी प्राप्त की जाएंगी, जिससे नयी योजनाओं के चयन में सरकार को मदद मिलेगी. सरकार की यह बेहद महत्वाकांक्षी पहल है जो बिहार को प्रगति की तरफ और तेजी से ले जायेगी. उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित दीदियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी सबल हैं. आप ही के बीच की पूर्णिया की किरण दीदी ने जीविका की ओर से मसूरी जाकर हम सभी प्रशिक्षु भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को प्रबंधन का गुर सिखाया है, आप सभी बलवती दीदियां हैं. जिले के विकास में आपका बहुत महत्वपूर्ण योगदान है.

जीविका दीदियों ने साझा किया अपना अनुभव

कार्यक्रम में अपना अनुभव साझा करते हुए जीविका की अंजना दास ने कहा कि पहले वह बहुत गरीब थी, फिर समूह में जुड़ी और ऋण लिया. इसके बाद पूर्णिया महिला महाविद्यालय से स्नातक उतीर्ण की. आज उनके पति जीविका की मदद से दूध के कारोबार में बहुत अच्छा कर रहे हैं. सीमांचल जीविका बकरी उत्पादक कंपनी लिमिटेड से जुड़कर बकरी पालन के व्यवसाय से उनकी आर्थिक दशा में बहुत सकारात्मक बदलाव आया है. इनके अतिरिक्त मन्नू कुमारी तथा सुलेखा दास ने भी अपना अनुभव साझा किया.

2424 ग्राम संगठनों में महिला संवाद

पूर्णिया जिले के सभी 14 प्रखंडों में जीविका द्वारा गठित कुल 2424 ग्राम संगठनों में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है. इसके लिए 21 संवाद रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों में वीडियो एवं ऑडियो के माध्यम से सरकार की महिला उन्मुखी कार्यक्रमों के बारे में आम जन को परिचित करायेगी. इसी कड़ी में शुक्रवार को 21 ग्राम संगठनों में महिला संवाद का आयोजन किया गया. इस दौरान प्रत्येक प्रखंड के संबंधित गांव की अधिक से अधिक महिलाओं ने भाग लिया और अपने अनुभव भी साझा किया. पूरे जिले में पंचायत स्तर पर गठित महिला संवाद आयोजन दल के द्वारा इस कार्यक्रम का संचालन एवं सामंजन किया जा रहा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ARUN KUMAR

लेखक के बारे में

By ARUN KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन