बेलौरी में 11 मार्च को धीमी नहीं हुई ट्रेनों की रफ्तार तो हो सकता है हादसा

शीतला पूजा मेला में लाखों की भीड़ के बीच रहती है दुर्घटना की आशंका
कटिहार के डीआरएम से जोगबनी रेलखंड पर रफ्तार कम करने की मांग
शीतला पूजा मेला में लाखों की भीड़ के बीच रहती है दुर्घटना की आशंका
पूर्णिया. शहर के बेलौरी के समीप आगामी 11 मार्च को कटिहार-जोगबनी रेलखंड पर यदि ट्रेनों की रफ्तार धीमी नहीं हुई तो हादसा भी हो सकता है. इसकी आशंका जताते हुए शीतला पूजा व मेला आयोजन समिति की ओर से डीआरएम समेत सभी संबंधित रेल अधिकारियों को आवेदन दिया है. आवेदन में कटिहार के डीआरएम से पूजा के दौरान इस रुट में चलने वाली ट्रेनों की रफ्तार धीमी रखने का आदेश निर्गत करने का विशेष आग्रह किया गया है. दरअसल, शीतला पूजा मेला में लाखों की भीड़ के कारण यहां अमूमन हर साल बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. यही वजह है कि इस दौरान पूर्णिया जंक्शन से रानीपतरा के बीच बेलौरी सीमा में ट्रेनों की रफ्तार धीमी रखने की मांग की गई है. गौरतलब है कि आगामी 11मार्च को शीतला पूजा का उत्सव आयोजित होगा. शहर के बेलौरी में पिछले कई दशकों से पूजनोत्सव के साथ मेला का भी आयोजन होता है. अहम यह है कि इस मौके पर न केवल पूर्णिया प्रमंडल के चार जिलों बल्कि पश्चिम बंगाल के लोग भी पूजन-अनुष्ठान के लिए यहां पहुंचते हैं. यह महज संयोग है कि शीतला मंदिर और मेला स्थल से सटकर रेलवे की ट्रेनें गुजरती हैं और बगल में ही गुमटी भी अवस्थित है. पूजा और मेला के दौरान गुमटी से लेकर रेलवे ट्रैक तक भक्तों की भीड़ लगी रहती है और इसी भीड़ के बीच से ट्रेनें भी गुजरती हैं. रीतेन सरकार एवं अन्य पूजा समिति के सदस्यों का कहना है कि लाखों लोग इस दिन पहुंचते हैं जिनकी सुरक्षा के लिए प्रशासन की ओर से पुलिस बल भी तैनात किए जाते हैं.रेलवे ट्रैक पर भीड़ को ले बनी रहती है आशंका
बेलौरी के स्थानीय नागरिकों की मानें तो पुलिस बल होने से वे घटनाओं को लेकर तो निश्चिन्त रहते हैं पर गुमटी और रेलवे ट्रैक की भीड़ को लेकर हमेशा आशंका बनी रहती है. लोगों का कहना है कि पूजा और मेला के दौरान गुमटी बंद रहने के बावजूद लोग आर-पार होते रहते हैं जबकि पूजा करने के बाद मंदिर के करीब से निकले रेलवे ट्रैक पर पैदल चल कर गंतव्य की ओर निकल जाते हैं जबकि पूजा समिति की ओर से इसकी घेराबंदी की गयी रहती है और माइक पर भक्तों को उधर से नहीं जाने के लिए मना भी किया जाता है. रेलवे के डीआरएम को दिए आवेदन में इसी आशंका का जिक्र करते हुए आयोजन स्थल के दोनों तरफ ट्रेनों की रफ्तार धीमी रखने की मांग की गयी है.
कहते हैं अधिकारी
कटिहार-जोगबनी रेलखंड पर बेलौरी के निकट शीतला पूजा के दौरान धीमी गति से ट्रेनों के परिचालन को लेकर समिति का आवेदन मिला है. इस आवेदन को कार्यान्वयन की दृष्टि से सभी संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित कर दिया गया है.मुन्ना कुमार, स्टेशन प्रबंधक, पूर्णिया जंक्शन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




