पूर्णिया में जलजमाव से परेशान लोगों के बीच पहुंचे नगर आयुक्त, सड़क-नाला निर्माण में तेजी का आदेश
जायजा लेते नगर आयुक्त | Prabhat Khabar Network
पूर्णिया के वार्ड 23, 24 और 25 में जलजमाव की गंभीर समस्या को देखते हुए नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडे ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं. उन्होंने संबंधित एजेंसियों को जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने और सड़क व नाला निर्माण में तेजी लाने का आदेश दिया है.
पूर्णिया : जलजमाव की समस्या से प्रभावित शहर के वार्ड 23, 24 और 25 में नगर निगम की टीम ने जमीनी स्थिति का जायजा लिया. नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडे ने वार्ड पार्षदों के साथ विभिन्न इलाकों का दौरा कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं. मौके पर मौजूद अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों को जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ सड़क और नाला निर्माण के काम में तेजी लाने का निर्देश दिया.
दुर्गाबाड़ी से शक्तिनगर तक किया निरीक्षण
नगर आयुक्त ने दुर्गाबाड़ी, बीबीएम हाई स्कूल, गोकुल सिंह ठाकुरबारी, शंकर चौक तात्मा टोली, लाइन बस्ती तात्मा टोली, पंचायत भवन, नेवालाल चौक, अमरूद बागान और शक्तिनगर समेत अन्य जलजमाव वाले इलाकों का निरीक्षण किया.
उन्होंने आवश्यक स्थानों पर सड़क और नाला निर्माण का काम शीघ्र शुरू कराने तथा जल निकासी की समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया.
भागेलु शाह नाला का निर्माण जल्द कराने का आदेश
निरीक्षण के दौरान वार्ड 25 में भागेलु शाह नाला के निर्माण को लेकर नगर आयुक्त ने संबंधित एजेंसी को तेजी से काम शुरू करने का निर्देश दिया. रजनी पार्क के पीछे से ठाकुरबाड़ी होते हुए वार्ड 24 के पंचायत भवन और एनएच-31 तक नाला निर्माण का कार्य वुडको के माध्यम से जल्द कराने को कहा गया.
इसके अलावा लालगंज नाला को डीलक्स होटल से उफरैल चौक होते हुए हरदा नदी तक बनाने का भी निर्देश दिया गया.
अनावश्यक देरी पर अधिकारियों को चेताया
नगर आयुक्त ने संबंधित एजेंसियों को निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब नहीं करने को कहा. उन्होंने जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि बारिश के दौरान इन इलाकों में बार-बार जलजमाव की स्थिति न बने.
निरीक्षण के दौरान वार्ड 25 के पार्षद ऋषभ कुमार उर्फ अंजनी शाह, वार्ड 23 के पार्षद आतिश कुमार सनातनी, वार्ड 24 की पार्षद राखी कुशवाहा के प्रतिनिधि अमरेंद्र कुमार कुशवाहा सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे.
वार्ड पार्षदों और स्थानीय लोगों ने नगर आयुक्त के स्वयं क्षेत्र में पहुंचकर समस्याओं का जायजा लेने और तत्काल समाधान के निर्देश देने की सराहना की. वार्ड 24 की पार्षद राखी कुशवाहा ने कहा कि नगर आयुक्त के क्षेत्र भ्रमण से जलजमाव वाले इलाकों की वास्तविक स्थिति सामने आयी है. सड़क और नाला निर्माण का आदेश जनहित में महत्वपूर्ण पहल है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए