अभियान बसेरा-टू के तहत 21 जून तक विशेष अभियान, वासभूमिहीन परिवारों को मिलेगा बंदोबस्ती प्रमाण पत्र
प्रखंड क्षेत्र में चल रहे अभियान बसेरा-2 के तहत वासभूमिहीन परिवारों को बासगीत भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गयी है.
भवानीपुर. प्रखंड क्षेत्र में चल रहे अभियान बसेरा-2 के तहत वासभूमिहीन परिवारों को बासगीत भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गयी है. इस अभियान के अंतर्गत सर्वेक्षित पात्र परिवारों को विशेष अभियान चलाकर बासगीत पर्चा एवं बंदोबस्ती प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जायेगा. अंचलाधिकारी ईशा रंजन एवं राजस्व पदाधिकारी सादिक अहमद ने बताया कि राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार, पटना द्वारा आयोजित समीक्षात्मक बैठक में प्राप्त निर्देशों के आलोक में क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के उन वासभूमिहीन परिवारों को भूमि का अधिकार दिलाना है, जो वर्षों से सरकारी भूमि पर बसे हुए हैं अथवा जिनके पास रहने के लिए अपनी जमीन नहीं है. अधिकारियों ने कहा कि घर के बिना मानव जीवन अधूरा है. घर है तो जहान है. सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र परिवार आवासीय भूमि से वंचित न रहे. अभियान बसेरा-2 के तहत सर्वेक्षित ऐसे परिवार, जिन्हें अब तक बंदोबस्ती प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं कराया गया है, उन्हें 15 जून से 21 जून तक चलने वाले विशेष अभियान के दौरान प्रमाण पत्र निर्गत किया जायेगा. उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान उन परिवारों का भी सर्वेक्षण किया जायेगा, जो पूर्व से सरकारी भूमि, जैसे गैरमजरुआ खास अथवा आम भूमि पर निवास कर रहे हैं, लेकिन अब तक सर्वेक्षण से वंचित हैं. जांच पूरी होने के बाद ऐसे पात्र परिवारों को भी अभियान के तहत बंदोबस्ती प्रमाण पत्र प्रदान किया जायेगा. पदाधिकारी ने बताया कि सरकारी भूमि पर पूर्व से बसे हुए सर्वेक्षित परिवारों को नियमानुसार अधिकतम छह डिसमिल भूमि बंदोबस्त की जायेगी. वहीं, जहां सरकारी भूमि उपलब्ध नहीं होगी, वहां मुख्यमंत्री गृहस्थल क्रय सहायता योजना के तहत पात्र परिवारों को आवासीय भूमि खरीदने के लिए एक लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जायेगी. प्रशासन ने पात्र लाभुकों से अभियान का लाभ उठाने तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ अंचल कार्यालय से संपर्क करने की अपील की है. यह अभियान वासभूमिहीन परिवारों को स्थायी आवासीय अधिकार प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










