क्या PM मोदी घोषित करेंगे बिहार बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा? तेजस्वी ने मांगी 5000 करोड़ की मदद
तेजस्वी यादव ने PM मोदी से 5000 करोड़ और सेना की सहायता मांगी
Bihar Flood National Disaster: बिहार में गंगा, गंडक, कोसी और पुनपुन समेत कई नदियों के बढ़ते पानी से बाढ़ का संकट गहरा गया है. 12 जिलों की 330 पंचायतें प्रभावित हैं. इसी बीच तेजस्वी यादव ने केंद्र से बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने, 5 हजार करोड़ रुपये देने और राहत के लिए वायुसेना के हेलीकॉप्टर लगाने की मांग की है.
Bihar Flood National Disaster: बिहार में गंगा, गंडक, कोसी और पुनपुन समेत कई नदियों का पानी लगातार बढ़ रहा है. इससे 12 जिलों के 66 प्रखंडों की 330 ग्राम पंचायतों में बाढ़ का पानी पहुंच गया है. इसी बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र से बिहार की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने और 5 हजार करोड़ रुपये की मदद देने की मांग की है.
आपके शहर में
तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार से बिहार की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि बाढ़ से परेशान लोगों की मदद के लिए केंद्र को 5 हजार करोड़ रुपये का विशेष पैकेज देना चाहिए. साथ ही राहत और बचाव के लिए वायुसेना के हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराने की मांग भी की है.
तेजस्वी का दावा- 19 जिले बाढ़ की चपेट में
तेजस्वी यादव ने अपने बयान में दावा किया कि बिहार का 76 फीसदी हिस्सा बाढ़ से प्रभावित है. उनके मुताबिक, राज्य के 19 जिले इस समय बाढ़ की चपेट में हैं और 20 लाख से ज्यादा लोग इस संकट में फंसे हुए हैं. उन्होंने कहा कि कई पशुपालकों के मवेशी पानी में बह गए हैं और सरकारी व सार्वजनिक ढांचे को भी भारी नुकसान हुआ है. तेजस्वी ने हजारों करोड़ रुपये के नुकसान का दावा करते हुए बिहार सरकार पर बाढ़ पीड़ितों की मदद को लेकर गंभीरता नहीं दिखाने का आरोप लगाया.
घरों की छतों पर फंसे लोगों की मदद की मांग
पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि दीयर इलाके पूरी तरह पानी में डूब गए हैं. उन्होंने कहा कि इन जगहों पर कई लोग अपने घरों की छतों पर फंसे हुए हैं. ऐसे लोगों तक हेलीकॉप्टर के जरिए खाना और दूसरी जरूरी चीजें पहुंचाई जानी चाहिए. उन्होंने बाढ़ राहत के लिए सेना की मदद लेने की भी मांग की.
प्रधानमंत्री मोदी से बिहार आने की अपील
तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बिहार आकर बाढ़ की स्थिति देखने और प्रभावित इलाकों का जायजा लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री बिहार का कई बार दौरा करते हैं, इसलिए इस आपदा के समय भी उन्हें राज्य में आकर हालात देखने चाहिए और लोगों तक राहत पहुंचानी चाहिए.
उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हेलीकॉप्टर से बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने को पर्याप्त नहीं बताया. तेजस्वी ने कहा कि मौजूदा हालात में सेना की मदद लेकर लोगों तक राहत पहुंचाने की जरूरत है.
बिहार में गंगा, गंडक, कोसी, पुनपुन समेत कई नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. पानी बढ़ने से तटबंधों पर भी दबाव बना हुआ है और कई नए इलाकों में बाढ़ का पानी फैल रहा है. राज्य के 12 जिलों में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
पटना में गंगा ने 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
पटना के गांधीघाट में शनिवार को गंगा का जलस्तर 50.57 मीटर तक पहुंच गया. यह 2016 में दर्ज किए गए 50.52 मीटर के सबसे ज्यादा जलस्तर से भी ऊपर है. मौजूदा जलस्तर खतरे के निशान से 183 सेंटीमीटर ज्यादा बताया गया है. रविवार को गंगा का पानी 50.62 मीटर तक पहुंचने की आशंका जताई गई है.
सारण में माही और सुखमयी नदी के बांध टूटने से कई गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है. कई इलाकों के जलमग्न होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. लगातार बढ़ते पानी के बीच प्रशासन की ओर से राहत और बचाव के काम पर नजर रखी जा रही है.
12 जिलों में प्रभारी मंत्री और सचिव संभालेंगे राहत का काम
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पटना, बक्सर, भोजपुर, सारण, वैशाली, बेगूसराय, मुंगेर, समस्तीपुर, लखीसराय, खगड़िया, भागलपुर और कटिहार के प्रभारी मंत्री और प्रभारी सचिवों को अपने-अपने जिलों का दौरा करने को कहा गया है. उन्हें वहां राहत और बचाव के काम की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है.
मुख्यमंत्री ने पटना में शहरी सुरक्षा तटबंध के आसपास के इलाकों पर 24 घंटे नजर रखने का निर्देश दिया है. लगातार बढ़ते गंगा के पानी को देखते हुए इन क्षेत्रों में किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया है.
इसे भी पढ़ें: बाढ़ के कारण इस रूट पर चलने वाली 10 ट्रेनें रद्द, घर से निकलने से पहले देखें सभी के नाम और नंबर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए