बिहार : आरा में क्यों डिरेल हुई महानंदा एक्सप्रेस? जनसंपर्क अधिकारी ने बताई वजह, स्टेशन मास्टर सस्पेंड

Updated:
विज्ञापन

महानंदा एक्सप्रेस डिरेल (सांकेतिक तस्वीर)

Arrah Mahananda Express Derails : आरा जंक्शन के पास महानंदा एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की घटना ने रेल परिचालन को बाधित किया. लाल सिग्नल ओवरशूट को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, जिसके चलते स्टेशन मास्टर को निलंबित कर दिया गया है. हालांकि, यात्रियों को कोई चोट नहीं आई, यह राहत की बात रही.

विज्ञापन

Arrah Mahananda Express Derails : आरा जंक्शन के यार्ड के समीप रविवार अहले सुबह करीब चार बजे महानंदा एक्सप्रेस डिरेल हो गयी. आरा जंक्शन से करीब 200 मीटर आगे हुए हादसे में ट्रेन का इंजन और दो से तीन कोच पटरी से उतर गये. राहत की बात रही कि हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है. घटना के बाद रेलवे के अधिकारी और तकनीकी टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत व रिकवरी कार्य शुरू किया.

आपके शहर में

विज्ञापन

लाल सिग्नल ओवरशूट के बाद गलत लाइन में चली गयी ट्रेन

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महानंदा एक्सप्रेस के लोको पायलट द्वारा लाल सिग्नल ओवरशूट किए जाने के बाद ट्रेन निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ गयी. इसके बाद ट्रेन गलत लाइन या लूप लाइन की ओर चली गयी. इसी दौरान इंजन के साथ एसएलआर और एच-1 समेत दो से तीन कोच पटरी से उतर गये.

स्टेशन मास्टर निलंबित, जांच में सामने आयेगी जिम्मेदारी

रेलवे की प्रारंभिक जांच में सिग्नल ओवरशूट को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है. मामले में लापरवाही के पहलू को देखते हुए स्टेशन मास्टर को निलंबित किए जाने की जानकारी सामने आयी है. हालांकि, हादसे की पूरी वजह और किसकी जिम्मेदारी है, यह विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगा.

जीएम ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

घटना की जानकारी मिलने के बाद रेल जीएम हाजीपुर डिंपी गर्ग घटनास्थल पर पहुंचीं और स्थिति का निरीक्षण किया. उन्होंने हादसे से जुड़े पहलुओं की जानकारी ली. रेलवे की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई की बात कही गयी है.

दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर प्रभावित हुआ परिचालन

हादसे के कारण दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर कुछ घंटों तक ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा. कई ट्रेनों की आवाजाही पर इसका असर पड़ा. रेलवे की तकनीकी और रिकवरी टीमों ने क्षतिग्रस्त ट्रैक तथा डिरेल हुए कोच को हटाने और परिचालन बहाल करने का काम शुरू किया.

सुबह 7:23 बजे आगे रवाना हुई महानंदा एक्सप्रेस

रेलवे की टीमों ने तेजी से काम करते हुए ट्रैक को दुरुस्त किया. इसके बाद महानंदा एक्सप्रेस को सुबह करीब 7:23 बजे आगे के लिए रवाना कर दिया गया. ट्रेन के रवाना होने के बाद रेल परिचालन सामान्य किए जाने की जानकारी दी गयी.

उच्चस्तरीय जांच के आदेश

हादसे को गंभीरता से लेते हुए रेलवे ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं. जांच में सिग्नल व्यवस्था, ट्रेन संचालन, लोको पायलट की भूमिका, स्टेशन स्तर पर हुई कार्रवाई और ट्रेन के गलत लाइन में जाने समेत अन्य पहलुओं की पड़ताल की जाएगी. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.

यात्रियों का सुरक्षित रहना सबसे बड़ी राहत

हादसे के बावजूद किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है. घटना के बाद रेलवे की टीमों ने तत्काल राहत और रिकवरी का काम शुरू किया. कुछ घंटों के भीतर ट्रेन को आगे रवाना कर परिचालन बहाल कर दिया गया.

Also Read : बिहार : आरा जंक्शन पर महानंदा एक्सप्रेस के दो कोच पटरी से उतरे, दिल्ली-हावड़ा रूट पर कई ट्रेनें लेट

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन