पटना की जीएम रोड दवा मंडी में पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार: शराब तस्कर की तलाश में जुटी पुलिस ने दबोचा, विदेशी मार्का हथियार बरामद

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

पटना के जीएम रोड स्थित थोक दवा मंडी में पुलिस ने हथियार के साथ एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. युवक के पास से लोडेड पिस्टल और जिंदा मैगजीन बरामद हुई हैं, जिन पर विदेशी मार्का अंकित हैं. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.

विज्ञापन

Patna News: पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र अंतर्गत जीएम रोड स्थित थोक दवा मंडी में हथियार के साथ घूम रहे एक युवक को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. पकड़ा गया 26 वर्षीय आरोपी राहुल कुमार मुसल्लमपुर हाट का रहने वाला है. पीरबहोर थाने की पुलिस टीम इलाके में एक शराब तस्कर की तलाश में सादे लिबास में निगरानी कर रही थी. इसी दौरान दवा मंडी की भीड़भाड़ में संदिग्ध स्थिति में घूम रहे राहुल पर पुलिसकर्मियों की नजर पड़ी. जवानों ने तुरंत घेराबंदी कर उसे रोका और तलाशी ली, तो उसके पास से एक लोडेड पिस्टल और दो जिंदा मैगजीन बरामद की गईं.

विज्ञापन

डिस्ट्रीब्यूटर के यहां करता है काम, बड़े भाई ने सौंपी थी पिस्टल

प्रारंभिक पूछताछ में राहुल ने बताया कि वह प्रफुल्ल पैलेस स्थित 'कमल डिस्ट्रीब्यूटर' नामक दवा एजेंसी में काम करता है. उसने पुलिस के समक्ष खुलासा किया कि बरामद पिस्टल और मैगजीन उसके बड़े भाई राजा ने उसे रखने के लिए दी थी. इस खुलासे के बाद पुलिस ने राजा की भूमिका की गहराई से जांच शुरू कर दी है और मामले में उसकी संलिप्तता को देखते हुए उसे भी प्राथमिकी में नामजद आरोपी बनाया गया है.

पिस्टल पर USA, इटली और चीन का मार्का, तस्करी की आशंका

बरामद हथियार को लेकर पुलिस को अंदेशा है कि राहुल इसे किसी अपराधी या ग्राहक को बेचने के मकसद से लेकर घूम रहा था. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जब्त पिस्टल पर 'मेड इन यूएसए', 'मेड इन इटली' और 'मेड इन चाइना' तीनों देशों के मार्के अंकित हैं. पुलिस तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से हथियार की वास्तविक बनावट, स्रोत और नेटवर्क का पता लगा रही है, साथ ही यह भी खंगाला जा रहा है कि पूर्व में इस हथियार का इस्तेमाल किसी संगीन वारदात में तो नहीं हुआ है.

भाई भी बना नामजद आरोपी, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

हथियार जब्ती के बाद पुलिस ने आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. मामले की आधिकारिक पुष्टि करते हुए पीरबहोर थानाध्यक्ष राज कुमार सिंह ने कहा, "इलाके में गश्त के दौरान हथियार के साथ युवक को गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर उसके भाई को भी प्राथमिकी में नामजद अभियुक्त बनाया गया है. पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास और हथियार के नेटवर्क की गहन पड़ताल कर रही है."

Also Read: पटना के गणपति गेस्ट हाउस में देह व्यापार का खुलासा, 4 मंजिलों पर चल रहा था खेल; 4 युवतियां हिरासत में, एक गिरफ्तार, संचालक फरार

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन