UPSC CDS NDA परीक्षा कल, पटना में 52 केंद्रों पर पहुंचेंगे 25,516 अभ्यर्थी, 30 मिनट पहले बंद होगा गेट
परीक्षा की सांकेतिक तस्वीर
UPSC CDS NDA Exam : संघ लोक सेवा आयोग की CDS NDA परीक्षा 13 सितंबर को पटना जिले में आयोजित की जा रही है. इस परीक्षा के लिए 52 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहाँ 25,516 अभ्यर्थी शामिल होंगे. प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए पूरी तैयारी कर ली है.
UPSC CDS NDA Exam : संघ लोक सेवा आयोग की सम्मिलित रक्षा सेवा परीक्षा-II तथा राष्ट्रीय रक्षा अकादमी और नौसेना अकादमी परीक्षा-II का आयोजन 13 सितंबर को होगा. पटना जिले में इसके लिए कुल 52 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. दोनों परीक्षाओं में कुल 25,516 अभ्यर्थी शामिल होंगे.
प्रशासन ने पूरी की परीक्षा की तैयारी
परीक्षा को कदाचारमुक्त, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. परीक्षा की व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों की बैठक आयोजित की गई.
किसी स्तर पर लापरवाही नहीं करने का निर्देश
बैठक में प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार ने अधिकारियों को परीक्षा के दौरान पूरी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि परीक्षा के संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए. केंद्रों पर निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन कराने को कहा गया.
सघन जांच के बाद ही मिलेगा परीक्षा केंद्र में प्रवेश
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की अनिवार्य और सघन जांच की जाएगी. इसके साथ ही प्रत्येक अभ्यर्थी का फेस ऑथेंटिकेशन भी समय पर कराया जाएगा. प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश प्रक्रिया को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं.
मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान ले जाने पर रोक
परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, कैमरा या किसी अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण समेत किसी भी अनधिकृत सामग्री को ले जाने की अनुमति नहीं होगी. वीक्षक और परीक्षा से जुड़े अन्य कर्मी भी मोबाइल फोन लेकर केंद्र के अंदर नहीं जा सकेंगे.
परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले बंद होगा गेट
आयुक्त के सचिव विनय कुमार ठाकुर ने बताया कि प्रत्येक पाली की परीक्षा शुरू होने के निर्धारित समय से 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र का प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा. इसलिए अभ्यर्थियों को समय का विशेष ध्यान रखना होगा और केंद्र पर पर्याप्त समय पहले पहुंचने की सलाह दी गई है.
अधिकारियों को सुबह सात बजे तक केंद्र पहुंचने का निर्देश
डीएम कुंदन कुमार ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को सुबह सात बजे तक अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने का निर्देश दिया है. केंद्रों पर सुरक्षा, प्रवेश जांच और परीक्षा संचालन की व्यवस्था की निगरानी की जाएगी.
सहायता के लिए इन नंबरों पर करें संपर्क
परीक्षा से जुड़ी किसी सहायता या जानकारी के लिए अभ्यर्थी आयुक्त कार्यालय के फोन नंबर 0612-2219205 और 0612-2233578 पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 0612-2219810 और 0612-2219234 पर भी संपर्क किया जा सकता है.
अभ्यर्थी इन बातों का रखें ध्यान
13 सितंबर को परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को अपने परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचना चाहिए. प्रवेश के दौरान सघन जांच और फेस ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया होगी. मोबाइल फोन, कैमरा और अन्य प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में नहीं ले जाएं. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले गेट बंद कर दिया जाएगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए