अपने-अपने प्रेमी के साथ घर से भाग कर पटना पहुंची दो बहनें, होटल में पड़ी रेड, एक प्रेमी पकड़ाया, दूसरा फरार

Author Nitish kumar|Edited by Nikhil Anurag
Updated:
विज्ञापन

patna hotel raid: पटना जंक्शन के पास एक होटल में नाबालिग बहनों के मिलने से सनसनी फैल गई. दोनों को उनके प्रेमी घर से भगाकर ले आए थे. पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है.

विज्ञापन

patna hotel raid: पटना जंक्शन और करबिगहिया इलाके में हाल के दिनों में अवैध गतिविधियों के खुलासे के बाद पुलिस होटल और लॉजों की लगातार जांच कर रही है. इसी क्रम में जक्कनपुर थाना क्षेत्र के मीठापुर स्थित नंद विहार होटल में छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो नाबालिग बहनों को बरामद किया. मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि दूसरे युवक की तलाश जारी है. पुलिस ने दोनों युवकों के साथ ही होटल संचालक के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है.

आपके शहर में

विज्ञापन

नालंदा से पटना पहुंची थीं दोनों बहनें

पुलिस के अनुसार दोनों नाबालिग बहनें नालंदा जिले के नगरनौसा क्षेत्र की रहने वाली हैं. वे अपने इलाके के दो युवकों के साथ घर से पटना पहुंची थीं और मीठापुर स्थित नंद विहार होटल में ठहरी हुई थीं. इसी दौरान पुलिस ने होटल में छापेमारी की. छापेमारी के दौरान एक युवक मौके से फरार हो गया, जबकि दुसरे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद पुलिस ने दोनों नाबालिगों के परिजनों को सूचना देकर बुलाया.

बहला-फुसला कर ले जाने का आरोप

परिजनों ने दोनों युवकों के खिलाफ नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसला कर घर से ले जाने का आरोप लगाते हुए जक्कनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने ऋतिक कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. फरार युवक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. जक्कनपुर थानाध्यक्ष रितुराज ने बताया कि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है. गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

होटल संचालक के खिलाफ भी दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने नंद विहार होटल के संचालक के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है. आरोप है कि होटल प्रशासन ने कमरा उपलब्ध कराने के दौरान निर्धारित नियमों और सत्यापन प्रक्रिया का पालन नहीं किया. नाबालिगों की मां ने भी होटल प्रशासन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है.

सिटी एसपी ने होटलों की देर रात की जांच

सिटी एसपी (मध्य) ममता कल्याणी ने बुधवार देर रात कोतवाली क्षेत्र के कई होटलों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने सीसीटीवी कैमरों, आगंतुकों के रजिस्टर, कमरों और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की. साथ ही गश्ती दलों की सक्रियता का भी जायजा लिया. सिटी एसपी ने होटल संचालकों को सख्त निर्देश दिया कि किसी भी आगंतुक को कमरा देने से पहले उसके पहचान पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का अनिवार्य रूप से भौतिक सत्यापन किया जाए. नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित होटल संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: बिहार की 1.81 करोड़ महिलाओं के लिए खुशखबरी, 25 जुलाई को खाते में जाएगी राशि, सीएम सम्राट का ऐलान


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन