पटना में अगले हफ्ते से बदल जाएगी ट्रैफिक व्यवस्था, बेली रोड पर ऑटो-बस की एंट्री बंद, जानिए नया रूट प्लान

Updated:
विज्ञापन
Ai जेनरेटेड इमेज

Ai जेनरेटेड इमेज

Patna Bailey Road Traffic Diversion : पटना की बेली रोड पर मेट्रो निर्माण कार्य के चलते ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है. अगस्त के पहले सप्ताह से इस मार्ग पर ऑटो, ई-रिक्शा और बसों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा. निजी वाहनों के लिए विशेष मार्ग तय किए गए हैं.

विज्ञापन

Patna Bailey Road Traffic Diversion : पटना में मेट्रो निर्माण कार्य अब ट्रैफिक व्यवस्था पर भी असर डालने जा रहा है. नेहरू पथ (बेली रोड) पर निर्माण कार्य को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने नया रूट प्लान तैयार कर लिया है. अगस्त के पहले सप्ताह से आयकर गोलंबर से डुमरा चौकी तक ऑटो, ई-रिक्शा और बसों के परिचालन पर रोक रहेगी. निजी वाहनों के लिए अलग व्यवस्था की गई है.

ट्रैफिक व्यवस्था में होगा बड़ा बदलाव

दरअसल, पटना के नेहरू पथ (बेली रोड) पर पटना मेट्रो के निर्माण कार्य को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया जा रहा है. ट्रैफिक पुलिस, मेट्रो अधिकारियों और परिवहन प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में नए ट्रैफिक प्लान पर सहमति बन गई है. जिलाधिकारी और एसएसपी की मंजूरी मिलने के बाद इसे अगस्त के पहले सप्ताह से लागू किया जाएगा.

आयकर गोलंबर से डुमरा चौकी तक नहीं चलेंगे ऑटो और बस

नई व्यवस्था के तहत आयकर गोलंबर से डुमरा चौकी तक किसी भी प्रकार के व्यावसायिक वाहन जैसे ऑटो, ई-रिक्शा और बसों का परिचालन नहीं होगा. यह व्यवस्था मेट्रो निर्माण कार्य पूरा होने तक प्रभावी रहेगी.

निजी वाहन बेली रोड से ही गुजरेंगे

ट्रैफिक प्लान के अनुसार मेट्रो निर्माण के लिए उपयोग में आने वाले हिस्से को छोड़कर बची हुई सड़क पर दो लेन बनाई जाएंगी. इन्हीं दो लेनों से आयकर गोलंबर से सगुना मोड़ और सगुना मोड़ से आयकर गोलंबर तक निजी वाहनों का आवागमन जारी रहेगा.

व्यावसायिक वाहनों के लिए तय किए गए वैकल्पिक रूट

आयकर गोलंबर से निकलने वाले व्यावसायिक वाहनों को वीरचंद पटेल पथ होते हुए आर ब्लॉक गोलंबर और मंदिरी नाला रोड के रास्ते बांसघाट तथा पटना-बीहटा मार्ग की ओर जाने की अनुमति होगी. चालक एलसीटी घाट, कमिश्नर कार्यालय और जेपी गंगा पथ के रास्ते भी अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे.

सगुना मोड़ और डुमरा चौकी से भी बदलेगा रूट

सगुना मोड़ की ओर से आने वाले वाहन जरूरत के अनुसार बीहटा-आशियाना रोड का उपयोग कर सकेंगे. वहीं व्यावसायिक वाहन शेखपुरा मोड़ और डुमरा चौकी से आगे नहीं बढ़ पाएंगे. उन्हें डुमरा चौकी से एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया जाएगा. इसके बाद वे पटेल गोलंबर, विधानसभा, अटल पथ, आर ब्लॉक चौराहा और जीपीओ स्थित मल्टी मॉडल हब तक पहुंच सकेंगे.

ट्रैफिक एसपी की अध्यक्षता में हुई बैठक

गुरुवार को ट्रैफिक एसपी सागर कुमार की अध्यक्षता में हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी, ऑटो यूनियन, बीएसआरटीसी तथा ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों की बैठक हुई. बैठक में प्रस्तावित ट्रैफिक प्लान पर सभी पक्षों ने सहमति जताई. अब अंतिम मंजूरी के लिए इसे जिलाधिकारी और एसएसपी के पास भेजा जाएगा.

क्या बोले ट्रैफिक एसपी

ट्रैफिक एसपी सागर कुमार ने कहा कि नेहरू पथ पर वाहनों के परिचालन के लिए ट्रैफिक प्लान तैयार कर लिया गया है. वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति मिलने के बाद इसे अगस्त के प्रथम सप्ताह से लागू कर दिया जाएगा.

Also Read : आईजीआईएमएस परीक्षा घोटाले पर एनएमसी सख्त, बिहार सरकार से मांगी कार्रवाई रिपोर्ट


विज्ञापन
साक्षी कुमारी

लेखक के बारे में

By साक्षी कुमारी

साक्षी कुमारी को डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 वर्षों का अनुभव है. पिछले तीन वर्षों से वह डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. उन्हें राजनीति, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सरोकारों और समसामयिक मुद्दों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग और लेखन का अनुभव है. बिहार की राजनीति और क्षेत्रीय मुद्दों पर उनकी विशेष रुचि है. डिजिटल पत्रकारिता के साथ-साथ उन्हें SEO (Search Engine Optimization) की भी अच्छी समझ है, जिससे वह पाठकों तक समय पर और प्रभावी ढंग से खबरें पहुंचाने में दक्ष हैं. तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार तैयार करना उनकी प्रमुख कार्यशैली है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन