पटना : BSSC अभ्यर्थियों के प्रदर्शन से विधानसभा के आसपास लगी भीषण जाम, सड़क पर थमी रफ्तार, मुख्य गेट बंद
भारी पुलिस बल तैनात
BSSC और BPSC परीक्षाओं को रद्द करने की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया. मंगलवार को विधानसभा की ओर बढ़ते प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोका, जिससे यातायात बाधित हुआ.
BSSC Candidates Protest : दारोगा भर्ती परीक्षा की मुख्य परीक्षा और BPSC 70वीं परीक्षा रद्द करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को प्रतियोगी छात्रों का प्रदर्शन उग्र होता दिखा. विधानसभा की ओर बढ़ रहे छात्रों को पुलिस ने घेराबंदी कर रोक दिया, जिसके बाद विधानसभा के पास सड़क पर जाम की स्थिति बन गयी. पुलिस लगातार छात्रों को हटाकर यातायात सामान्य कराने का प्रयास करती रही. प्रदर्शन के दौरान कई छात्रों को हिरासत में लिये जाने की भी जानकारी है.
जेपी गोलंबर से रामगुलाम चौक तक सड़क पर छात्रों का कब्जा
बड़ी संख्या में प्रतियोगी छात्र जेपी गोलंबर पर जुटे और वहां से रामगुलाम चौक तक सड़क जाम कर दी. इसके बाद छात्रों ने विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश की. पुलिस ने आर ब्लॉक से जीपीओ और जीपीओ से आर ब्लॉक जाने वाले मार्ग को बंद कर घेराबंदी कर दी.
विधानसभा से करीब 50 मीटर पहले पुलिस ने रोका
छात्रों को विधानसभा पहुंचने से रोकने के लिए पुलिस ने विधानसभा से करीब 50 मीटर पहले ही घेराबंदी कर दी. इसी दौरान कुछ छात्र पुलिस का घेरा तोड़कर आगे निकल गये. पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया. कुछ छात्र विधानसभा का घेराव करने पहुंचे, जिन्हें पुलिस ने यारपुर की ओर भेज दिया.
मुख्य गेट बंद, दंगा रोधी दस्ता भी तैनात
प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गयी. सत्यमूर्ति के पास विधानसभा का मुख्य गेट बंद कर दिया गया. मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ दंगा रोधी दस्ता और रैप के जवान भी तैनात रहे. एसएसपी कार्तिकेय शर्मा लगातार इलाके में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे.
पहले जेपी गोलंबर पर रोके गये, फिर विधानसभा की ओर बढ़े
प्रदर्शन की शुरुआत में जेपी गोलंबर के पास पुलिस ने छात्रों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की. इसके बाद छात्र अलग-अलग रास्तों से विधानसभा की ओर बढ़ने लगे. गांधी मैदान गेट नंबर 10 के सामने फ्लाईओवर के रास्ते भी छात्रों ने आगे बढ़ने का प्रयास किया था. फ्लाईओवर पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रस्सी से घेराबंदी की और छात्रों को बीच में ही रोक दिया.

गर्दनीबाग तक पहुंचने की कोशिश में छात्र
पुलिस की घेराबंदी के बीच कुछ प्रदर्शनकारी गर्दनीबाग की ओर भी पहुंचे. छात्रों का कहना है कि वे अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने के लिए विधानसभा तक जाना चाहते हैं. वहीं पुलिस की कोशिश है कि प्रदर्शनकारियों को निर्धारित क्षेत्र से आगे बढ़ने से रोका जाए और यातायात व्यवस्था को सामान्य रखा जाए.
विधानसभा गेट नंबर छह के पास RAF तैनात, जाम हटाने में जुटी पुलिस
विधानसभा गेट नंबर छह के पास सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए RAF की फोर्स तैनात कर दी गयी है. छात्रों के प्रदर्शन के कारण विधानसभा के आसपास सड़क पर जाम की स्थिति बनी हुई है. पुलिस लगातार प्रयास कर छात्रों को सड़क से हटाने और जाम समाप्त कराने में जुटी है. मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
तीन साल से परीक्षा का इंतजार, अब सड़क पर उतरे अभ्यर्थी
प्रतियोगी छात्रों का कहना है कि BSSC इंटर स्तरीय परीक्षा समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर लंबे समय से अभ्यर्थी इंतजार कर रहे हैं. परीक्षा प्रक्रिया में देरी और अन्य मांगों को लेकर छात्रों में नाराजगी है. इसी के विरोध में मंगलवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पटना की सड़कों पर उतरे.
छात्रों ने उठायी परीक्षाओं से जुड़ी चार प्रमुख मांगें
छात्रों ने 1799 पदों वाली दारोगा मुख्य परीक्षा रद्द करने, BPSC 70वीं परीक्षा रद्द करने, BPSC इंटर स्तरीय परीक्षा की तिथि घोषित करने और प्रतियोगी परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर जारी करने की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए