म्यांमार से मणिपुर-मिजोरम और असम के रास्ते बिहार पहुंच रही हेरोइन, गोल्डन ट्रायंगल से निकलती है नशे की खेप, इस राज्य में हैं ट्रांजिट प्वाइंट
हेरोइन की सांकेतिक तस्वीर
Bihar Heroin Smuggling : बिहार में नशीले पदार्थों की तस्करी का मामला गहराता जा रहा है. हाल ही में असम के बदरपुर से बिहार आ रही हेरोइन की बड़ी खेप पकड़ी गई है, जिसने अंतरराज्यीय नेटवर्क की ओर इशारा किया है. जांच एजेंसियां अब सप्लायर से लेकर खरीदारों तक का पर्दाफाश करने में जुटी हैं.
Bihar Heroin Smuggling : बिहार में गांजा और दूसरे नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं, लेकिन सितंबर में हेरोइन की लगातार बरामदगी ने जांच एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. अलग-अलग जिलों में हुई कार्रवाई के बाद पुलिस अब केवल स्थानीय तस्करों तक सीमित नहीं है, बल्कि हेरोइन की सप्लाइ चेन और अंतरराज्यीय नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गयी है.
फतुहा में 48 ग्राम हेरोइन के साथ तीन गिरफ्तार
सोमवार को बिहार एसटीएफ और पटना जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने फतुहा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर 48 ग्राम हेरोइन के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार बरामद हेरोइन की बाजार कीमत करीब 10 लाख रुपये है.
असम के बदरपुर से बिहार पहुंचती थी खेप
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित कई वर्षों से मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय थे. आरोप है कि वे असम के बदरपुर से हेरोइन की खेप लेकर बिहार आते थे और अलग-अलग जिलों में इसकी सप्लाइ करते थे.
तीनों आरोपित वैशाली के रहने वाले
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वैशाली के राघोपुर थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर निवासी चंदन कुमार, मल्लेपुर निवासी आकाश कुमार और रुस्तमपुर निवासी गौतम कुमार के रूप में हुई है. फतुहा थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस इनके आपराधिक इतिहास और नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है.
बख्तियारपुर से किशनगंज तक बरामदगी
सितंबर में बिहार के अलग-अलग इलाकों में हेरोइन के खिलाफ कार्रवाई हुई है. तीन सितंबर को बख्तियारपुर में 100 ग्राम, पांच सितंबर को रुपसपुर में 35 ग्राम, छह सितंबर को बरौनी रेल थाना क्षेत्र में 88 ग्राम, 11 सितंबर को बाबूबरही में 130 ग्राम, 13 सितंबर को तुकीं में 136.35 ग्राम, बेगूसराय में 24.46 ग्राम और किशनगंज जेल थाना क्षेत्र में 50 ग्राम हेरोइन बरामद किये जाने की जानकारी दी गयी है.
जेपी सेतु के पास 274 ग्राम हेरोइन जब्त
पटना में जेपी सेतु टीओपी के पास रविवार देर रात वाहन जांच के दौरान पुलिस ने 274 ग्राम हेरोइन के साथ चार आरोपितों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने इनके पास से चार स्मार्टफोन और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही अटिंगा कार भी जब्त की है.
उत्तर प्रदेश और गोपालगंज से जुड़े आरोपित
गिरफ्तार आरोपितों में उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के सेवरही निवासी संजय निषाद और रवि तिवारी, गोपालगंज के कुचायकोट निवासी बंटी पांडेय तथा करैया थाना क्षेत्र के जमुनाहा बाजार निवासी मुन्ना साह शामिल हैं.
कई मामलों में दर्ज है आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार बंटी पांडेय का आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, शराब तस्करी और लूट की साजिश समेत कई मामले दर्ज हैं. मुन्ना साह के खिलाफ भी आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज होने की बात पुलिस ने बतायी है.
बदरपुर से बिहार तक सप्लाइ चेन की पड़ताल
जांच में यह बात सामने आयी है कि आरोपित असम के बदरपुर, दीमापुर और अन्य स्थानों से हेरोइन की खेप लेकर बिहार पहुंचते थे. इसके बाद अलग-अलग जिलों में इसकी सप्लाइ की जाती थी. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि असम में उन्हें खेप कौन उपलब्ध कराता था और बिहार में इसके खरीदार कौन हैं.
सप्लायर से फाइनेंसर तक पहुंचने की कोशिश
पुलिस पूछताछ के आधार पर सप्लायर, कैरियर, फाइनेंसर और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. जांच एजेंसियों का फोकस अब केवल बरामद हेरोइन और गिरफ्तार आरोपितों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे सप्लाइ नेटवर्क को सामने लाने पर है.
म्यांमार कनेक्शन की भी जांच
जांच एजेंसियां हेरोइन की खेप के बड़े स्रोत को लेकर पूर्वोत्तर के रास्ते की भी पड़ताल कर रही हैं. म्यांमार, लाओस और थाईलैंड से जुड़ा गोल्डन ट्रायंगल लंबे समय से अफीम आधारित नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए जाना जाता है. म्यांमार से भारत में प्रवेश के बाद मणिपुर और मिजोरम के सीमावर्ती इलाकों से होते हुए असम और फिर दूसरे राज्यों तक खेप पहुंचने की आशंका की भी जांच की जा रही है.
अंतरराज्यीय नेटवर्क पर पुलिस की नजर
फतुहा और जेपी सेतु की कार्रवाई के बाद जांच का दायरा और बढ़ गया है. अलग-अलग जिलों में पकड़े गये आरोपितों और बरामद खेपों के बीच संभावित कनेक्शन की भी पड़ताल की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बिहार में हेरोइन की सप्लाइ के पीछे कितने स्तर का नेटवर्क सक्रिय है.
Also Read : हल्की बारिश में पटना-खगौल-फुलवारीशरीफ मार्ग पर जलजमाव, पानी-पानी हुआ NH-98, एम्स जाने वालों की बढ़ी मुश्किल
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए