फॉर्म भरने के 3 साल बाद भी नहीं हुई परीक्षा, नाराज BSSC अभ्यर्थियों का पटना में उग्र प्रदर्शन ; विधानसभा की ओर बढ़े
छात्रों को रोकने के लिए फ्लाईओवर पर खड़े पुलिसकर्मी
BSSC परीक्षा फॉर्म भरे तीन साल बीत जाने के बाद भी आयोजित नहीं होने से नाराज अभ्यर्थी पटना में उग्र प्रदर्शन कर रहे हैं. अभ्यर्थी मुख्यमंत्री आवास घेरने की तैयारी में हैं.
BSSC Candidates Protest : BSSC परीक्षा फॉर्म भरने के करीब तीन साल बाद भी परीक्षा नहीं होने से नाराज अभ्यर्थियों का आंदोलन मंगलवार को पटना में तेज हो गया. जेपी गोलंबर पर पुलिस ने छात्रों को आगे बढ़ने से रोका, तो कई अभ्यर्थी गांधी मैदान गेट नंबर 10 के सामने स्थित फ्लाईओवर के रास्ते विधानसभा की ओर बढ़ने लगे. इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र फ्लाईओवर पर पहुंच गये. अभ्यर्थी सीएम आवास को घेरने जा रहे हैं. कई छात्र गर्दनीबाग के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए हैं.
फ्लाईओवर पर पुलिस ने लगायी बैरिकेडिंग और रस्सी से घेरा
छात्रों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए फ्लाईओवर पर भी पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी. रास्ते को रस्सी से घेर दिया गया, जिसके बाद छात्रों और पुलिस के बीच आगे बढ़ने को लेकर स्थिति तनावपूर्ण बनी रही. पुलिस ने छात्रों को फ्लाईओवर के बीच में ही रोक दिया. अभ्यर्थियों को रोकने के लिए पटना एसएसपी भी फ्लाईओवर पर चढ़े दिखाई दिए.
नीचे डाकबंगला और आर ब्लॉक पर भी पुलिस तैनात
प्रदर्शन को देखते हुए डाकबंगला चौराहा और आर ब्लॉक इलाके में भी भारी पुलिस बल तैनात रहा. पुलिसकर्मी हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर और ढाल समेत दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ मुस्तैद रहे. राजधानी के प्रमुख रास्तों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ायी गयी है.
गांधी मैदान से आगे बढ़ने की कोशिश में छात्र
गांधी मैदान के गेट नंबर 12 से शुरू हुआ छात्रों का प्रदर्शन जेपी गोलंबर तक पहुंचा. वहां रोके जाने के बाद अभ्यर्थियों ने वैकल्पिक रास्ते से आगे बढ़ने की कोशिश की. छात्रों का कहना है कि वे अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने के लिए विधानसभा की ओर जाना चाहते हैं.
गर्दनीबाग के पास रेलवे ट्रैक तक पहुंचे छात्र
फ्लाईओवर और प्रमुख रास्तों पर पुलिस की रोक के बीच कुछ छात्र गर्दनीबाग के पास रेलवे ट्रैक की ओर भी पहुंच गये. आंदोलन कर रहे अभ्यर्थी लगातार आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि पुलिस उन्हें अलग-अलग स्थानों पर रोक रही है.
हाथों में तिरंगा लेकर कर रहे प्रदर्शन
प्रदर्शन में शामिल कई अभ्यर्थियों के हाथों में तिरंगा नजर आया. छात्र लंबे समय से परीक्षा आयोजित नहीं होने को लेकर नाराज हैं. उनका कहना है कि आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी परीक्षा का इंतजार जारी है, जिससे हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है.
अभ्यर्थियों ने कहा- आंदोलन आगे नहीं बढ़ने दिया तो यहीं रहेंगे
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने कहा कि अगर उन्हें आगे बढ़ने से रोका गया, तो वे वहीं रहकर आंदोलन जारी रखेंगे. छात्रों ने अपने प्रदर्शन को मौन आंदोलन बताया और कहा कि वे अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने के लिए शांतिपूर्ण तरीके से सड़क पर उतरे हैं.
प्रदर्शन के दौरान दिखा अभ्यर्थियों में आक्रोश
प्रदर्शन के दौरान कुछ अभ्यर्थियों में काफी आक्रोश भी देखने को मिला. एक अभ्यर्थी ने कहा, "सरकार भूखे मरना चाहती है, पुलिस ही मार दे." अभ्यर्थियों का कहना है कि वर्षों से परीक्षा का इंतजार करने के बावजूद प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ने से उनके सामने असमंजस की स्थिति बनी हुई है.
BSSC परीक्षा में देरी को लेकर नाराजगी
अभ्यर्थियों का मुख्य मुद्दा BSSC परीक्षा के आयोजन में हो रही देरी है. उनका कहना है कि फॉर्म भरे करीब तीन साल बीत चुके हैं, लेकिन अब तक परीक्षा आयोजित नहीं हुई है. इसी को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पटना की सड़कों पर उतरे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए