ePaper

Patna News : गांधी मैदान की चारों तरफ ट्रैफिक हो सकता है वन-वे, डीएम ने दिया सुझाव

Updated at : 28 Dec 2024 1:40 AM (IST)
विज्ञापन
Patna News : गांधी मैदान की चारों तरफ ट्रैफिक हो सकता है वन-वे, डीएम ने दिया सुझाव

प्रमंडलीय आयुक्त की अध्यक्षता में बैठक में डीएम ने सुझाव दिया कि निर्बाध ट्रैफिक के लिए गांधी मैदान की चारों ओर वन-वे किया जाये. बैठक में गांधी मैदान में व्यावसायिक गतिविधियों की संख्या कम करने पर भी विचार किया गया.

विज्ञापन

संवाददाता, पटना : आयुक्त कार्यालय स्थित सभाकक्ष में शुक्रवार को गांधी मैदान की चारों तरफ क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराते हुए सुगम यातायात संचालन, ऑटो रिक्शा व इ-रिक्शा के सुव्यवस्थित परिचालन सुनिश्चित कराने के लिए प्रमंडलीय आयुक्त मयंक वरवड़े की अध्यक्षता में बैठक की गयी. बैठक में डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह, एसएसपी राजीव मिश्रा, डीडीसी समीर सौरभ, ट्रैफिक एसपी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे. बैठक में डीएम ने सुझाव दिया कि निर्बाध ट्रैफिक संचालन के लिए गांधी मैदान की चारों ओर वन-वे किया जाये. मेट्रो निर्माण के कारण ट्रैफिक बाधित होता है. गांधी मैदान में आयोजित होने वाली व्यावसायिक गतिविधियों की संख्या कम किये जाने पर विचार किया गया. इससे गांधी मैदान का सौंदर्यीकरण भी बना रहेगा. श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल के सामने सुगम ट्रैफिक परिचालन में बाधक चार पेड़ों को रि-लोकेट किये जायेंगे. इसके लिए वन प्रमंडल पदाधिकारी को पत्र देने का निर्णय लिया गया.

ऑटो व इ-रिक्शा के परिचालन के लिए अनुमंडलवार बनेगा रूट

पटना में चलने वाले ऑटो रिक्शा व इ-रिक्शा के रूट और जोन के अनुसार परिचालन के संबंध में अखबारों में विज्ञापन निकाला जाये. साथ ही ऑटो रिक्शा वालों से आवेदन लेकर परमिट का पुनः निर्धारण कर इसकी संख्या को सीमित किया जाये. डीटीओ को निर्देश दिया गया कि ऑटो व इ-रिक्शा वाले यूनियन के प्रतिनिधियों से समन्वय कर शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में अनुमंडलवार परिचालन के संबंध में कार्रवाई की जाये. साथ ही चिल्ड्रेन पार्क गोलंबर पर भी वाहनों का परिचालन सुव्यवस्थित किया जाये.

बाउंड्री के बाहर पैदल चलने वालों के लिए बनेगा फुटपाथ

अतिव्यस्ततम अवधि में गांधी मैदान के अंदर चारों ओर वाहन परिचालन से वाकिंग ट्रैक के क्षतिग्रस्त होने की आशंका के कारण वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया गया. अधिकारियों ने कहा कि प्रतियोगिता परीक्षा (सिपाही और दारोगा) की तैयारी करने वाले बड़ी संख्या में अभ्यर्थी गांधी मैदान में पूरे दिन प्रैक्टिस तैयारी करते हैं, जिससे काफी अधिक मात्रा में धूल उड़ने से प्रदूषण होने के साथ ही गांधी मैदान के सौंदर्यीकरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया कि गांधी मैदान की चारों ओर बाउंड्री के बाहर पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ बनाया जाये. साथ ही गांधी मैदान की चारों ओर के क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त कराया जाये. वहीं, बिस्कोमान भवन से चिल्ड्रेन पार्क के पास तक सड़क किनारे अवैध रूप से पार्क किये गये जाने वाले वाहनों पर रोक लगायी जाये.

गेट नं-3 पर बसों की संख्या होगी निर्धारित

गांधी मैदान के गेट नं-3 के पास अनधिकृत रूप से बसों को खड़ा कर सवारियों को चढ़ाया-उतारा जाता है, जिससे जाम लगता है. डीटीओ इस संबंध में बिहार राज्य पथ परिवहन निगम से समन्वय कर परिवहन निगम की बसों में क्यूआर कोड लगवाने और तय बस स्टॉप पर ही बसों को रोक कर सवारियों को चढ़ाने-उतारने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करेंगे. जेपी गंगापथ पर लगने वाले जाम के मद्देनजर वहां लगने वाली दुकानों की संख्या निर्धारित की जायेगी.

जेपी गोलंबर, रामगुलाम चौक, करगिल चौक व आयुक्त कार्यालय से यू-टर्न कर वापस जायेंगे ऑटो व इ-रिक्शा

गांधी मैदान की चारों तरफ जाम को कम करने के लिए ट्रैफिक एसपी अपराजित लोहान ने नया प्लान तैयार किया है. इसके तहत गांधी मैदान की चारों तरफ ऑटो व रिक्शा नहीं चलेंगे. सिर्फ चार जगहों पर ही ऑटो व इ-रिक्शा की पार्किंग हो सकेगी. सभी रूटों से गांधी मैदान आने वाले ऑटो व इ-रिक्शा को तय गोलंबर से यू-टर्न की व्यवस्था रहेगी. ट्रैफिक एसपी ने बताया कि अगर कोई ऑटो या इ-रिक्शा फ्रेजर रोड से आ रहा है, तो उसे जेपी गोलंबर से यू-टर्न लेना होगा. उसे बिस्कोमान या रामगुलाम चौक की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी. उसी प्रकार यदि कोई ऑटो या इ-रिक्शा एग्जीबिशन रोड की ओर से आ रहा है, तो उसे रामगुलाम चौक से ही यू-टर्न लेकर वापस जाना होगा. उसे करगिल चौक या जेपी गोलंबर की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी. अशोक राजपथ से आने वाले ऑटो व इ-रिक्शा को करगिल चौक से ही यू -टर्न लेना होगा. उनके पुलिस कार्यालय या रामगुलाम चौक की तरफ आने की अनुमति नहीं होगी. बांसघाट या जेपी गंगापथ की ओर से आने वाले वाहनों के लिए आयुक्त कार्यालय के पास एक यू-टर्न बना कर वापस मोड़ दिया जायेगा. उन्हें भी चिल्ड्रेन पार्क की तरफ आने की अनुमति नहीं होगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन