पटना: पंडारक में बड़ी वारदात की फिराक में थे तीन अपराधी, तीन देसी कट्टा-पिस्टल और 30 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार
पुलिस के साथ गिरफ्तार आरोपी
पंडारक थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. गुप्त सूचना के आधार पर तीन अपराधियों को हथियार और भारी मात्रा में कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने इनके पास से तीन देसी कट्टा, एक पिस्टल, 30 जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है.
Patna Crime News: पंडारक थाना क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बम्पुर पुल के पास छापेमारी कर तीन अपराधियों को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों के पास से तीन देसी कट्टा, एक 7.65 एमएम पिस्टल, 30 जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और एक ग्लैमर मोटरसाइकिल बरामद की गई है.
आपके शहर में
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पटना ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने फतुहा एसडीपीओ कार्यालय में जानकारी देते हुए बताया कि पंडारक पुलिस को 22 अगस्त की रात करीब 12:20 बजे सूचना मिली थी कि संजय यादव उर्फ संजय अपने तीन-चार साथियों के साथ बम्पुर पुल के पास किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में है. सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर छापेमारी दल का गठन किया गया. पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपितों की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान संजय यादव, उम्र करीब 42 वर्ष, पिता भरत यादव, ग्राम बम्पुर, थाना पंडारक, सिन्डू कुमार उर्फ रवि कुमार, उम्र करीब 26 वर्ष, पिता भीम यादव, ग्राम बम्पुर, थाना पंडारक तथा अजय कुमार उर्फ चिकन, पिता रामनन्दन यादव, साकिन चिलमनचक, थाना पंडारक के रूप में हुई है.
30 जिंदा कारतूस और हथियार बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन देसी कट्टा और एक 7.65 एमएम पिस्टल बरामद की. इसके अलावा 7.65 एमएम के पांच जिंदा कारतूस और 8 एमएम के 25 जिंदा कारतूस भी मिले. कुल 30 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. पुलिस ने तीन मोबाइल फोन और BR-01EN1113 नंबर की ग्लैमर मोटरसाइकिल भी जब्त की है. बरामद हथियार और कारतूस को लेकर पुलिस तीनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है.
संजय यादव पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार संजय यादव का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज बताए गए हैं. वहीं, सिन्डू कुमार उर्फ रवि कुमार का भी आर्म्स एक्ट से संबंधित पूर्व आपराधिक इतिहास रहा है. पुलिस अब तीनों आरोपितों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है. साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद हथियार और कारतूस कहां से लाए गए थे और इनका इस्तेमाल किस आपराधिक घटना में किया जाना था.
अपराधियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
पुलिस की इस कार्रवाई को इलाके में अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है. छापेमारी दल में पंडारक थानाध्यक्ष नवनीत राय, पुलिस पदाधिकारी रवि कुमार, उमेश तिवारी, सुधीर कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस ने कहा है कि अपराधियों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए