दानापुर ऑटो स्टैंड में एजेंटी के नाम पर रंगदारी वसूली, तीन गिरफ्तार, 4970 रुपये नकद व तीन पर्ची जब्त
पुलिस गिरफ्त में आरोपी
दानापुर ऑटो स्टैंड में अवैध एजेंटी वसूली के आरोप में तीन एजेंटों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. उनके पास से नगदी और वसूली की पर्चियां भी मिली हैं. पुलिस ने आम लोगों से ऐसी वारदातों की सूचना देने की अपील की है.
Patna Crime News : दानापुर ऑटो स्टैंड में अवैध रूप से एजेंटी के नाम पर रंगदारी वसूलने के आरोप में पुलिस ने तीन एजेंटों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुबारकपुर निवासी भोला कुमार, उसरी शाहपुर निवासी विकास कुमार और मनेर के लोदीपुर निवासी शिव कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से 4,970 रुपये नकद और तीन पर्चियां बरामद की हैं.
निर्धारित दर से अधिक वसूली की मिली थी सूचना
अपर पुलिस अधीक्षक अजीत कुमार ने रविवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ऑटो स्टैंड में ऑटो, टोटो समेत अन्य वाहनों से निर्धारित दर से अधिक एजेंटी की वसूली की जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर पुलिस टीम ने छापेमारी की.
छापेमारी के दौरान ऑटो स्टैंड के बाहर से तीन एजेंटों को पकड़ा गया. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित पार्किंग में खड़े टोटो, ऑटो और अन्य वाहनों से एजेंटी की वसूली करते थे. इसके अलावा पार्किंग के बाहर सड़क से गुजरने वाले वाहनों से भी अवैध रूप से राशि वसूले जाने की बात सामने आयी है.
50 रुपये अंकित तीन पर्चियां बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से ‘मां सोहित इन्फ्रा सॉल्यूशन’ लिखी तीन पर्चियां बरामद की हैं. प्रत्येक पर्ची पर 50 रुपये अंकित था. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पर्चियों का इस्तेमाल किस व्यवस्था के तहत किया जा रहा था और अवैध वसूली में अन्य लोगों की भी भूमिका है या नहीं.
पूछताछ के बाद भेजे गये न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने तीनों गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की. इसके बाद भोला कुमार, विकास कुमार और शिव कुमार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
सूचना देने की पुलिस ने की अपील
अपर पुलिस अधीक्षक अजीत कुमार ने आम लोगों से अपील की कि रंगदारी या अवैध वसूली की मांग किये जाने की सूचना पुलिस को दें. उन्होंने इसके लिए मोबाइल नंबर 9031825815 जारी किया है. पुलिस का कहना है कि ऐसी सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई कर अवैध वसूली पर अंकुश लगाया जाएगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए